Homeछत्तीसगढ़दुर्ग: दो युवक नदी में गिरे, 20 घंटे बाद शव बरामद

दुर्ग: दो युवक नदी में गिरे, 20 घंटे बाद शव बरामद

दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के दल ने नदी में गिरे दो युवकों के शवों को 20 घंटे बाद बरामद कर लिया. पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले से होकर बहने वाली तांदुला नदी पर बने छोटे बांध में बृहस्पतिवार शाम दो युवक गिर गए थे. पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ के दल ने आज मिथलेश सोनी (19) और चुम्मन ठाकुर (20) के शव बरामद कर लिए हैं.

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर लगभग दो बजे दुर्ग जिले के अंडा गांव निवासी चार-पांच युवक मोटरसाइकिल में सवार होकर पिकनिक मनाने के लिए तांदुला नदी के बांध पर गए थे. इस दौरान मिथलेश का पैर फिसला और वह नदी में गिर गया, दूसरा युवक चुम्मन जब मिथलेश को बचाने के लिए झुका तब उसका भी पैर फिसल गया और वह भी नदी में गिर गया.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब दोनों युवक नदी में गिरे तब वहां मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ का दल वहां पहुंचा और दोनों युवकों की खोज शुरू की गई. अंधेरा होने के बाद तलाश अभियान बंद कर दिया गया.

उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह एक बार फिर युवकों की खोजबीन शुरू की गई. लगभग 20 घंटे बाद सुबह 10 बजे दोनों युवकों का शव बांध से लगभग 25 मीटर की दूरी पर बरामद कर लिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments