सूरजपुर। जिले के विश्रामपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन लगातार जारी है। बीते 36 घंटे से ज्यादा समय गुजर जाने के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ता थाने के बाहर डटे हुए हैं। मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है।
कांग्रेस की ओर से भी दर्ज हुई एफआईआर
विवाद के बीच अब कांग्रेस पक्ष की ओर से भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन की पत्नी द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे अपनी पहली बड़ी जीत बताया है।

प्रशासन से बातचीत बेनतीजा
प्रदर्शन खत्म कराने के लिए प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत हुई, लेकिन अब तक सभी मांगों पर सहमति नहीं बन सकी है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगों में से सिर्फ एक पर कार्रवाई हुई है, जबकि बाकी दो मांगों को लेकर गतिरोध बना हुआ है।

टीएस सिंहदेव बोले – यह कार्यपालिका की विफलता
आमरण अनशन पर बैठे वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने पूरे मामले को प्रशासनिक तंत्र की नाकामी बताया। उन्होंने कहा कि हालात जिस तरह बिगड़े हैं, वह कार्यपालिका की विफलता को दर्शाता है। जब तक बात नहीं होगी तब तक आंदोलन चालू रहेगा हमारी मांगे जायज है।

दीपक बैज ने कहा – लड़ाई अभी जारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि एक मांग पर कार्रवाई होना न्याय की दिशा में कदम है, लेकिन बाकी मुद्दों पर भी फैसला होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सभी जिलों के कार्यकर्ता आ रहे है। पूरे साथियों के साथ न्याय सत्याग्रह चालू है, पहले ही हमारी मांग पूरी कर लेनी थी। हम तो यहाँ सिर्फ बात करने आये थे लेकिन सभी मामले की गंभीरता को देखते हुए हमे थाने के सामने बैठा पड़ा।

आमरण अनशन पर बड़े नेता, कार्यकर्ता भी डटे
धरना स्थल पर टीएस सिंहदेव और दीपक बैज आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। वहीं कांग्रेस के पांच कार्यकर्ता क्रमिक भूख हड़ताल कर रहे हैं। प्रदर्शन स्थल पर लगातार कांग्रेस समर्थकों की भीड़ जुट रही है, जिससे इलाके में राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है।


