रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों का बहुप्रतीक्षित महा सम्मेलन 13 जून को सरदार बलबीर सिंह जूनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में आयोजित होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रदेशभर से हजारों NHM कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन को लेकर कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजकों के अनुसार यह पहला अवसर होगा जब NHM कर्मचारियों के इतने बड़े आयोजन में शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की व्यापक उपस्थिति देखने को मिलेगी। सम्मेलन में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
विधायक अनुज शर्मा ने वीडियो संदेश जारी कर NHM कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह कर्मचारियों के मान-सम्मान और अधिकारों से जुड़ा विषय है, इसलिए सभी को एकजुट होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी चाहिए।
वहीं विधायक ऋषभ (रिकेश) सेन ने भी वीडियो संदेश के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों से सम्मेलन में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से उठाने की बात कही है।
सम्मेलन केवल मांगों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें विभिन्न सांस्कृतिक और रंगारंग प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका आरू साहू ने भी वीडियो संदेश जारी कर प्रदेशभर के NHM कर्मचारियों से 13 जून को रायपुर पहुंचकर अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
NHM कर्मचारी संगठन का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में यह महा सम्मेलन कर्मचारियों की एकजुटता, संगठन की ताकत और लंबित मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।


