रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों का बहुप्रतीक्षित महा सम्मेलन कल सरदार बलबीर सिंह जूनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में आयोजित होने जा रहा है। इस सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में NHM कर्मचारी शामिल होंगे और अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे।

संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार सम्मेलन में वेतन विसंगति, नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण मांगों को लेकर सरकार से सकारात्मक पहल की अपेक्षा की जाएगी। सम्मेलन में शासकीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

NHM कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कोरोना महामारी सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है, लेकिन वर्तमान महंगाई के दौर में मिलने वाला वेतन कर्मचारियों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है।


कर्मचारी संगठनों द्वारा समय-समय पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपे जाते रहे हैं, लेकिन अब यह महा सम्मेलन कर्मचारियों की एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन माना जा रहा है। प्रदेशभर से हजारों कर्मचारियों की उपस्थिति के कारण इसे NHM कर्मचारियों के अब तक के सबसे बड़े आयोजनों में से एक माना जा रहा है।

सम्मेलन को लेकर कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कर्मचारियों की मांगों पर सरकार क्या निर्णय लेती है और आने वाले समय में उनकी समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।



