नई दिल्ली/रायपुर। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 री-टेस्ट परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी। पेपर लीक के आरोपों के बाद मूल परीक्षा रद्द होने के लगभग सात सप्ताह बाद यह पुनर्परीक्षा कराई जा रही है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देशभर के परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। परीक्षा से पहले सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।
इस वर्ष लगभग 22.79 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ में भी परीक्षा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। राज्य के 19 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 40 से 45 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, जैमर और पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन तथा रखरखाव के लिए विशेष प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। प्रशासन और परीक्षा एजेंसियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।


