नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) की 27वीं वार्षिक आमसभा 16 सितंबर 2026 को नवा रायपुर में आयोजित की गई। आमसभा में बैंक की वित्तीय स्थिति, उपलब्धियों, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा भविष्य की योजनाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

आमसभा में अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी श्री केदार नाथ गुप्ता ने बैंक का वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि बैंक की अंशपूंजी 230.92 करोड़ रुपये से बढ़कर 245.14 करोड़ रुपये हो गई है। इसी प्रकार आरक्षित निधियां (रिजर्व) 740.92 करोड़ रुपये से बढ़कर 808.48 करोड़ रुपये तथा बैंक की स्वयं की निधियां 460.85 करोड़ रुपये से बढ़कर 494.15 करोड़ रुपये हो गई हैं।
उन्होंने बताया कि बैंक की अमानत राशि 8653 करोड़ रुपये तथा कार्यशील पूंजी 11,901 करोड़ रुपये है। वित्तीय वर्ष में अपेक्स बैंक ने 40.86 करोड़ रुपये का लाभार्जन किया है।
18 शाखाओं तक पहुंचा अपेक्स बैंक
श्री केदार गुप्ता ने अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया कि वर्ष 2000 में अपेक्स बैंक की मात्र 3 शाखाएं थीं, जो अब बढ़कर 18 शाखाएं हो गई हैं। बैंक द्वारा डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में बैंक ने माइक्रो एटीएम से अधिकतम आहरण सीमा 10,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये तथा रुपे केसीसी की अधिकतम साख सीमा 20,000 रुपये से बढ़ाकर 40,000 रुपये कर दी है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाया जाएगा। अपेक्स बैंक द्वारा मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस तथा नेट बैंकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त बैंक द्वारा एईपीएस (AEPS)/आधार आधारित बैंकिंग सेवा भी प्रारंभ की जाएगी।
अब बीमा सेवाएं भी उपलब्ध कराएंगे सहकारी बैंक
आमसभा में श्री केदार गुप्ता ने जानकारी दी कि नेशनलाइज्ड एवं निजी बैंकों की तरह अब अपेक्स बैंक एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बीमा संबंधी कार्य भी कर सकेंगे। इसके लिए रिजर्व बैंक से अनुमति प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
1708 पदों पर भर्ती की अनुमति
आमसभा में यह भी जानकारी दी गई कि अपेक्स बैंक एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में 1708 पदों पर भर्ती की अनुमति आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक से प्राप्त हो गई है। इससे सहकारी बैंकिंग व्यवस्था में मानव संसाधन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
ये रहे उपस्थित
आमसभा में छत्तीसगढ़ आवास सहकारी संघ के संचालक श्री सत्यनारायण शर्मा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के श्री प्रीतपाल बेलचंदन, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष श्री राजनीश सिंह, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंबिकापुर के अध्यक्ष श्री रामकिशुन सिंह, मार्कफेड के प्राधिकृत अधिकारी श्री शशिकांत द्विवेदी, संचालक संस्थागत वित्त श्री ऋषभ पराशर, संयुक्त आयुक्त सहकारिता श्री उमेश तिवारी, सचिव सहकारिता प्रतिनिधि श्री एन.आर.के. चंद्रवंशी, छत्तीसगढ़ अपेक्स बैंक के महाप्रबंधक एवं प्रभारी प्रबंध संचालक श्री युगल किशोर, डीजीएम श्री भूपेश चंद्रवंशी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर की सीईओ श्रीमती अपेक्षा व्यास, जिला सहकारी बैंक राजनांदगांव के प्रतिनिधि श्री बलेश्वर सिंह चंद्रवंशी, अपेक्स बैंक कर्मचारी सहकारी साख समिति रायपुर के प्रतिनिधि श्री अजय भगत, भारतीय खाद्य निगम कर्मचारी साख समिति रायपुर के अध्यक्ष श्री कृष्णकुमार उइके, महिला नागरिक सहकारी बैंक महासमुंद एवं दुर्ग नागरिक सहकारी बैंक के प्रतिनिधि, जनरल इंश्योरेंस एम्प्लाई क्रेडिट सोसाइटी के प्रतिनिधि श्री के.के. चौधरी सहित बैंक के अंशधारी प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।


