रायपुर। मेट्स यूनिवर्सिटी रायपुर में दो दिवसीय मेगा जॉब फेयर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस जॉब फेयर में 45 से अधिक राष्ट्रीय और प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया है।
आयोजकों के अनुसार, मेट्स यूनिवर्सिटी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के 700 से अधिक छात्रों ने इस मेगा जॉब फेयर के लिए पंजीयन कराया है। जॉब फेयर का आयोजन 7 जून को भी जारी रहेगा, जहां अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के चांसलर गजानन पगारिया, वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव, डायरेक्टर जनरल प्रवीण पगारिया तथा रजिस्ट्रार मुकुलानंद पांडा भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने छात्रों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। छात्रों को अपने कौशल को लगातार निखारने तथा उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने की सलाह भी दी गई।


