Sunday, September 27, 2026
Homeछत्तीसगढ़मरवाही में वन विभाग की कार्रवाई पर सियासत गरम : कांग्रेस नेता...

मरवाही में वन विभाग की कार्रवाई पर सियासत गरम : कांग्रेस नेता ध्रुव ने आदिवासी परिवारों से की मुलाकात, मुआवजा-पुनर्वास की कर रहे मांग

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले के मरवाही वनमंडल के जंगलों में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई और उसके बाद वन विभाग द्वारा की गई अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई अब राजनीतिक मुद्दा बन गई है। मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर मोर्चा खोल दिया है। बिंद्रानवागढ़ विधायक और छत्तीसगढ़ आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जनक राम ध्रुव गौरेला के पंडरीपानी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

जिम्मेदार व्यक्ति पर नहीं की गई ठोस कार्रवाई
पीड़ितों से चर्चा के बाद विधायक जनक राम ध्रुव ने सरकार और वन विभाग पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि, वन विभाग समय रहते अवैध सागौन कटाई को रोकने में पूरी तरह विफल रहा और अब तक इस मामले में किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि, विभाग अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए गरीब दलित और आदिवासी परिवारों के घर उजाड़ रहा है।

 

कांग्रेस नहीं करेगी बर्दाश्त- ध्रुव
उन्होंने आरोप लगाया कि, वन विभाग की कार्रवाई में कई ऐसे मकानों को भी तोड़ा गया, जो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए थे। विधायक ध्रुव ने कहा कि, प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद आदिवासियों को उनके जल, जंगल और जमीन से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है। सागौन कटाई को बहाना बनाकर गरीब परिवारों के सिर से छत छीनी जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

 

बेघर परिवार को मुआवजा और पुनर्वास की सुविधा
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक जनक राम ध्रुव अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ जिला कलेक्टर संतोष देवांगन से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ज्ञापन सौंपकर मांग की कि, कार्रवाई से प्रभावित और बेघर हुए परिवारों को तत्काल मुआवजा और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

कांग्रेस करेगी उग्र जन आंदोलन
विधायक ध्रुव ने चेतावनी देते हुए कहा कि, यदि सरकार ने जल्द ही पीड़ितों को न्याय नहीं दिया और उनकी मांगों को अनसुना किया, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आदिवासियों के अधिकारों को लेकर उग्र जन आंदोलन छेड़ेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments