रायपुर। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है। नगर प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी संस्थागत, व्यावसायिक भवनों, कोचिंग सेंटर, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, होटल, हॉस्टल, लाइब्रेरी और अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश जारी किए हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा जांच में सामने आने वाली खामियों को सात दिनों के भीतर दूर करना होगा। निर्धारित समय में आवश्यक सुधार नहीं करने वाले भवनों को सील किया जाएगा और संबंधित संचालकों व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में कोचिंग सेंटरों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक निरीक्षण में कई संस्थानों में अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां मिली हैं। प्रशासन ने सभी संस्थानों को जल्द से जल्द सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।


