Friday, September 25, 2026
Homeव्यापारकृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने...

कृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने आयोजित किया मेगा आउटरीच कार्यक्रम

रायपुर। सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम के तहत आज नवा रायपुर स्थित सेन्ट्रल पार्क में कृषि एवं सामाजिक बैंकिंग विभाग द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के किसानों को बैंक की विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप ऋण सहायता उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में लगभग 200 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान किसानों को कृषि ऋण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों से ऋण संबंधी समस्याओं और सुझावों पर फीडबैक लेकर बैंक की प्रक्रियाओं और उत्पादों में आवश्यक सुधार करने का आश्वासन भी दिया गया।

कार्यक्रम में मनीष फूड्स के डायरेक्टर श्री आशीष अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, विशेष अतिथि के रूप में एसआरएलएम के श्री आशुतोष सिंह एवं अग्रणी जिला प्रबंधक श्री मोहम्मद मौफिज ने किसानों को संबोधित किया। इस अवसर पर बैंक के मुंबई मुख्यालय से महाप्रबंधक श्री अरविंद कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे।

पूरे कार्यक्रम का आयोजन रायपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख श्री प्रफुल्ल बंसल के नेतृत्व एवं समन्वय में किया गया। कार्यक्रम में उप क्षेत्रीय प्रमुख श्री संजय सिन्हा सहित बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम के दौरान रायपुर क्षेत्र के 107 किसान हितग्राहियों को लगभग 35 करोड़ रुपये के कृषि ऋण स्वीकृत किए गए, जिनमें स्व-सहायता समूहों को प्रदान किए जाने वाले ऋण भी शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत एक हितग्राही को दावा राशि का चेक भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का समापन कृषि एवं सामाजिक बैंकिंग विभाग के मुख्य प्रबंधक श्री देवेश वर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी श्री त्रिभुवन मेश्राम ने किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments