Sunday, September 27, 2026
Homeछत्तीसगढ़कांग्रेस के सत्ता में आने पर आतंकवादियों और नक्सलियों के हौसले बुलंद...

कांग्रेस के सत्ता में आने पर आतंकवादियों और नक्सलियों के हौसले बुलंद हो जाते हैं : प्रधानमंत्री मोदी

सूरजपुर. छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर अंकुश लगाने में कथित विफलता को लेकर कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि जब-जब यह पार्टी केंद्र में सत्ता में आती है तब तब आतंकवादियों और नक्सलियों के हौसले बुलंद हो जाते हैं.

मोदी ने राज्य के सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कथित महादेव ऐप सट्टा घोटाले को लेकर कहा कि वह गारंटी देते हैं कि भाजपा इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी तथा कोई कितना भी बड़ा क्यों ना हो, उसे जेल जाकर अपनी जिंदगी गुजारनी होगी. इस मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री ने कहा ”30 टका कक्का, खुले आम सट्टा .” राज्य में बघेल ”कका” के नाम से लोकप्रिय हैं.

प्रधानमंत्री ने कहा, ”कांग्रेस की एक बड़ी नाकामी रही है. जब-जब कांग्रेस केंद्र की सत्ता में आती है तब तब देश में आतंकवादियों और नक्सलियों की हौसले बुलंद हो जाते हैं. कभी यहां, कभी वहां बम फटने की खबर आती है तो कभी मार-काट की खबर आती है. जिस-जिस राज्य में कांग्रेस सत्ता में होती है वहां अपराध का, लूटपाट का ही राज चलता है.” उन्होंने राज्य में नक्सली हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं को याद करते हुए कहा, ”कांग्रेस सरकार नक्सली हिंसा को काबू करने में असफल रही है. बीते कुछ समय में भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को हमसे छीना गया है. अभी कुछ दिनों पहले हमारे साथी को गोली मारकर उसका जीवन खत्म कर दिया गया.” मोदी ने सभा में लोगों से सवाल किया, ”क्या आपको बम और बंदूक के साये में जीना है?”

उन्होंने कहा, ”कितना ही पैसा क्यों न हो, बेटा शाम को घर न लौटे, बेटे की लाश घर पर आए, तो उस पैसे का आप लोग क्या करेंगे ? इसलिए हर किसी की सुरक्षा बहुत जरूरी है और इसीलिए कांग्रेस को हटाना भी उतना ही जरूरी है.” प्रधानमंत्री ने राज्य में र्चिचत महादेव ऐप सट्टा घोटाले को लेकर राज्य सरकार को घेरा और कहा, ”कांग्रेस ने राज्य के युवाओं को क्या-क्या सपने दिखाए? यहां उन्होंने महादेव के नाम पर भी घोटाला कर दिया. महादेव के नाम पर सट्टेबाजी ऐप घोटाले की चर्चा देश और विदेश में हो रही है. कांग्रेस ने अपनी तिजोरी भरने के लिए आपके बच्चों से सट्टेबाजी करवाई है. क्या आप इन्हें माफ करेंगे ?”

उन्होंने कहा, ”मुख्यमंत्री कार्यालय सट्टेबाजों का अड्डा कैसे बना हुआ था? अब सब लोग कहते हैं, ’30 टका कक्का, खुले आम सट्टा.’ यहां के मुख्यमंत्री के करीबी जेल में बंद हैं. जांच में नोटों के बड़े-बड़े ढेर मिल रहे हैं. एक आदमी टीवी पर आकर कहता है कि उसने मुख्यमंत्री को 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की रिश्वत दी है… फिर भी वह वोट मांग रहे हैं. शर्म ही नहीं है इनको.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”मैं गारंटी देता हूं कि महादेव सट्टेबाजी घोटाले में भाजपा दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी. कोई कितना ही बड़ा नाम क्यों ना हो, आपके बच्चों को बर्बाद करने वाले ऐसे लोगों को जेल जाकर जिंदगी गुजारनी पड़ेगी.” उन्होंने कहा कि यहां के मुख्यमंत्री पर लगे आरोपों के बाद कांग्रेस के बड़े-बड़े दिग्गजों ने भी उनसे किनारा कर लिया है.

उन्होंने कहा, ”दशकों तक कांग्रेस के लिए आदिवासियों का कोई वजूद नहीं था, उसने उनको उनकी नसीब पर छोड़ दिया था. कांग्रेस ने कभी आपकी चिंता नहीं की, आपके बच्चों के बारे में नहीं सोचा जबकि भाजपा ने हमेशा आदिवासी कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी उसे लगता था आदिवासियों के लिए पैसे खर्च करना मतलब गड्ढे में पैसे डालना है. लेकिन भाजपा ने, जब भी आदिवासी हितों की बात आई तो, सरकार का खजाना खोल दिया.”

उन्होंने आदिवासी बाहुल्य सरगुजा क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्य सरकार को घेरा और कहा, ”कांग्रेस सरकार में सरगुजा क्षेत्र में मानव तस्करी और नशे का कारोबार बेतहाशा बढ़ गया है. यहां बहनों, बेटियों को अपराधी निशाना बना रहे हैं. हमारे आदिवासी परिवारों की अनेक बच्चियां गायब हुई हैं. यह बेटियां कहां गईं- इसका कांग्रेस के नेताओं के पास कोई जवाब नहीं है..यहां आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है. कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति के कारण तीज त्योहार मनाना तक मुश्किल हो गया है.” प्रधानमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों की चिंता की और उनके लिए कई योजनाएं लागू की. उन्होंने बताया कि कोविड के दौरान शुरू की गई अन्न योजना को पांच वर्ष तक आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है.

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जो कहा था वह करके दिखाया है तथा भाजपा ने अपनी सारी गारंटी पूरी कर दी है. उन्होंने कहा, ”भाजपा ने कहा था अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाएंगे. यहां अयोध्या में भव्य राम मंदिर भी बनता है और चार करोड़ गरीब लोगों का घर भी बनता है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि तीन दिसंबर को जैसे ही कांग्रेस की सरकार जाएगी वैसे ही विकास की गति और तेज की जाएगी तथा यहां नए प्रोजेक्ट आएंगे, औद्योगिक विकास तेज किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि वह तीन दिसंबर को चुनाव नतीजे आने के बाद भाजपा के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण देने सूरजपुर आए हैं. छत्तीसगढ़ के 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान होना है. आज 20 सीटों पर पहले चरण का मतदान हुआ. अन्य 70 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments