Saturday, September 26, 2026
Homeदेश विदेशगगनयान के लिए प्रशिक्षण जोर-शोर से जारी: अंतरिक्ष यात्री प्रशांत बी. नायर

गगनयान के लिए प्रशिक्षण जोर-शोर से जारी: अंतरिक्ष यात्री प्रशांत बी. नायर

तिरुवनंतपुरम. भारत के गगनयान मिशन में शामिल भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर ने बुधवार को कहा कि इसके लिए प्रशिक्षण जोर-शोर के साथ जारी है. नायर यहां मॉडल स्कूल थाइकॉड के छात्रों से बातचीत के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे. नायर ने कहा कि भारत 2027 में “हमारे कैप्सूल से” अंतरिक्ष में अपना पहला व्यक्ति भेजेगा, लेकिन उससे पहले कई परीक्षण किए जाने बाकी हैं.

उन्होंने कहा कि पहले एक रोबोट ‘व्योम मित्र’ को परीक्षण के तहत भेजा जाएगा और फिर कई अन्य मिशन होंगे. उन्होंने कहा, ”यह एक सतत कार्यक्रम होगा और इसका केंद्र तिरुवनंतपुरम और बेंगलुरु के बीच होगा.” मिशन के प्रशिक्षण के बारे में उन्होंने कहा कि “यह जोर-शोर के साथ जारी है” और पूरी गगनयान टीम भारत सरकार, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और वायु सेना के “ऋणी” है, जिन्होंने उनका चयन किया और उन्हें प्रशिक्षित किया. ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर, ग्रुप कैप्टन अंगद प्रताप, ग्रुप कैप्टन अजित कृष्णन और विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला गगनयान दल के चार सदस्य हैं.

स्कूली बच्चों के साथ अपनी बातचीत के बारे में उन्होंने इसे एक “अच्छा अनुभव” बताया. ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर ने कहा कि उन्होंने बच्चों से गगनयान मिशन और उसके प्रशिक्षण के बारे में बात की. इसरो के अनुसार, गगनयान कार्यक्रम का उद्देश्य तीन दिनों के लिए पृथ्वी की निचली कक्षा में मानवयुक्त अंतरिक्ष यान प्रक्षेपित करने की भारत की क्षमता का प्रदर्शन करना है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments