रायपुर। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रायपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन नहीं, बल्कि “गड़बड़ इंजन” की सरकार चल रही है।
रविवार को राजधानी के शहीद स्मारक भवन में आयोजित सम्मेलन में संजय सिंह ने कहा कि राज्य की जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों से परेशान हो चुकी है और अब आम आदमी पार्टी को तीसरे विकल्प के रूप में देख रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती से काम करने का आह्वान किया।
संजय सिंह ने महंगाई, बेरोजगारी और खनिज संपदा के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत नीतियों के कारण पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़े हैं तथा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। सम्मेलन में प्रदेशभर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


