रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और युवा प्रतिभा का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब वायरल बॉय कुबेर नेताम ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के समक्ष अपना चर्चित बंगला पान गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान कुबेर नेताम ने अपनी मधुर आवाज और अनोखे अंदाज से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीत को सुनकर चरणदास महंत भी काफी प्रभावित नजर आए और उन्होंने युवा प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कलाकार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देते हैं।
कुबेर नेताम का यह गीत पहले से ही सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो चुका है, जिसके चलते उन्हें “वायरल बॉय” के नाम से पहचान मिली है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कई गणमान्य नागरिक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि प्रदेश में इस तरह की प्रतिभाओं को मंच मिलना चाहिए, ताकि वे आगे बढ़कर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।


