Friday, September 25, 2026
Homeछत्तीसगढ़मुख्यमंत्री ने जगदलपुर में झीरम घाटी शहीद मेमोरियल का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने जगदलपुर में झीरम घाटी शहीद मेमोरियल का किया लोकार्पण

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज जगदलपुर के लालबाग मैदान में झीरम घाटी शहीद मेमोरियल का लोकार्पण किया और झीरम घाटी के शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्हांेने यहां शहीदों की याद में लगभग 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया और मेमोरियल का निरीक्षण किया.

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि झीरम घाटी की हृदयविदारक घटना के शहीदों को मैं नमन करता हूं. शहीदों को नमन करते हुए झीरम घाटी शहीद स्मारक को लोकार्पित कर रहा हूं. उन्होंने कहा कि पहली पंक्ति के जननायक परिवर्तन के लिए निकले थे. प्रदेश के किसानों, युवाओं, बच्चों और महिलाओं के जीवन में परिवर्तन लाना उनका लक्ष्य था. आज वे हमारे बीच नही हैं, लेकिन उनका मार्गदर्शन सदैव बना हुआ है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में हर किसी के साथ न्याय हो रहा है. आज हमारे नेता होते तो बहुत खुश होते. वो जहां भी होंगे आज हम सभी को आशीष दे रहे होंगे. शहीद परिवारों के सुख दुख में हम उनके साथ हैं. हम सभी शहीदों के परिवारों के साथ परिवार की तरह जुड़े हैं.

मुख्यमंत्री बघेल आज सुबह चित्रकोट से हेलीकॉप्टर द्वारा सीधे जगदलपुर के लालबाग मैदान पहंुचे और हेलीपैड से चलकर झीरम घाटी शहीद मेमोरियल में झीरम घाटी के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने मेमोरियल का लोकार्पण किया. जगदलपुर के लालबाग मैदान में झीरम घाटी में 32 शहीदों की याद में मेमोरियल स्थापित किया गया है. लोकतंत्र पर सबसे बड़े हमले में शहीदों की याद में आम जनता को समर्पित है झीरम घाटी शहीद मेमोरियल.

गौरतलब है कि 25 मई 2013 को झीरम घाटी में नक्सल हिंसा में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि नंदकुमार पटेल, विद्याचरण शुक्ल, महेन्द्र कर्मा, उदय मुदलियार, योगेन्द्र शर्मा सहित 32 लोग शहीद हुए थे. इनमें बहुत से कार्यकर्ता, जवान और आमलोगों ने शहादत दी थी. राज्य में शहीदों के बलिदान की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए 25 मई को झीरम घाटी श्रद्धांजलि दिवस मनाया जा रहा है.

लोगों के दिलों में सदैव जीवित रहेंगे झीरम घाटी के शहीद : मुख्यमंत्री
आज से ठीक 9 साल पहले बस्तर के झीरम घाटी में हुए नक्सली हमले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पुलिस के जवानों समेत 32 लोग शहीद हो गए थे. शहीदों को सम्मान देने के लिए आज के दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जगदलपुर के लालबाग मैदान में उपस्थित थे. झीरम घाटी में शहीद 32 लोगों की यादों को आम लोगों के दिलों में सदैव जिंदा रखने के लिए जगदलपुर के लागबाग मैदान में झीरम घाटी शहीद स्मारक का निर्माण किया गया है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज इस मेमोरियल को आम जनता के नाम लोकार्पित किया. मुख्यमंत्री ने मेमोरियल परिसर में ही 100 फीट ऊंचे तिरंगे का भी ध्वजारोहण किया जो शहीदों के सम्मान के रूप में सदैव लहराता रहेगा.

झीरम घाटी में शहीद 32 जनप्रतिनिधियों एवं जवानों की मूर्तियां उनके नाम के साथ स्थापित की गयी हैं जो उनकी पहचान को सदैव जीवित रखेंगी. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मेमोरियल में मौजूद शहीदों के परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें शाल, श्रीफल और पौधे के रूप में झीरम स्मृति भेंट करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया. छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों से भी शहीदों के परिजन वर्चुअल रूप से आनलाइन माध्यम से जुड़े हुए थे. मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिजनों से बात की तथा शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके द्वारा किए गए कार्यों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर किसी के साथ न्याय हो रहा है और आज का छत्तीसगढ़ शांति के टापू के रूप में विकसित हो रहा है. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झीरम घाटी के शहीद जहां भी होंगे वो हमें आशीष दे रहे होंगे. मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिजनों से बात करते हुए हर सुख दुख में उनके साथ खड़े रहने का वायदा किया और परिजनों के हिम्मत तथा हौंसले की तारीफ की.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments