रायपुर। राजधानी के व्यस्ततम क्षेत्र जयस्तंभ चौक स्थित बॉम्बे मार्केट कॉम्प्लेक्स में रविवार सुबह सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल कार्यालय में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की दूसरी मंजिल पर लगी, जहां से उठती लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे एयर कंडीशनर के पास धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। मौके पर मौजूद सफाई कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड ने तुरंत बैंक अधिकारियों को सूचना दी और डायल 112 तथा दमकल विभाग को बुलाया गया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घने धुएं के कारण शुरुआती समय में दमकल कर्मियों को भवन के अंदर प्रवेश करने में कठिनाई हुई। इसके बाद विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फॉल्स सीलिंग, टेबल-कुर्सियां, कंप्यूटर और अन्य कार्यालयी सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस और फायर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या एयर कंडीशनर में तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


