रायपुर। सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया को राजभाषा हिंदी के प्रभावी एवं उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए वर्ष 2025-26 का प्रथम राजभाषा कीर्ति पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार 14 एवं 15 सितंबर 2026 को वाशी, नवी मुंबई स्थित सिडको एग्ज़िबिशन सेंटर में आयोजित छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन एवं हिंदी दिवस समारोह-2026 के दौरान प्रदान किया गया। समारोह में देशभर से विभिन्न मंत्रालयों, विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
समारोह की अध्यक्षता माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने की। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फड़नवीस एवं उप मुख्यमंत्री सुश्री सुनेत्रा पवार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के करकमलों से सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कल्याण कुमार ने यह गौरवपूर्ण पुरस्कार प्राप्त किया। सम्मेलन में बैंक के कार्यकारी निदेशक श्री महेन्द्र दोहरे तथा मुख्य महाप्रबंधक, मासंप्र एवं राजभाषा श्री कुशल पाल भी उपस्थित रहे।
यह सम्मान बैंक द्वारा राजभाषा नीति के प्रभावी अनुपालन, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, हिंदी में रचनात्मक एवं अभिनव कार्यों तथा बैंक के विभिन्न कार्यालयों में राजभाषा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त मान्यता है।
सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया का राजभाषा के प्रति समर्पण केवल कार्यालयीन कार्यों तक सीमित नहीं है। बैंक द्वारा हिंदी के प्रचार-प्रसार, कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने तथा बैंकिंग सेवाओं को अधिक सहज एवं ग्राहकोन्मुख बनाने के लिए विभिन्न पहल की जाती रही हैं।
बैंक की द्विभाषीय गृह पत्रिका ‘सेन्ट्रलाइट’ हिंदी एवं अंग्रेजी के माध्यम से बैंक की गतिविधियों, उपलब्धियों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को मंच प्रदान करती है। ‘सेन्ट्रलाइट’ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष ‘विरासत अंक’ का विमोचन भी किया गया।
इस उपलब्धि पर बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कल्याण कुमार ने राजभाषा विभाग, बैंक के राजभाषा अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा देशभर में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार बैंक में राजभाषा हिंदी के प्रति किए जा रहे सामूहिक प्रयासों का सम्मान है तथा इससे हिंदी में अधिकाधिक कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
बैंक के राजभाषा विभाग ने इस उपलब्धि के लिए सभी कार्यालयों, शाखाओं एवं कर्मचारियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “राजभाषा हिंदी केवल कार्यालयीन दायित्व नहीं, बल्कि सहज, सरल एवं प्रभावी बैंकिंग संचार का माध्यम है।”
प्रथम राजभाषा कीर्ति पुरस्कार प्राप्त होना सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि बैंक की राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन तथा हिंदी के निरंतर संवर्धन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।


