ईवी चार्जिंग स्टेशन और बैटरी स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए मिलेगा 5 करोड़ रुपये तक का फाइनेंस
मुंबई, 19 नवंबर 2026। देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरतों को देखते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा ने नई वित्तपोषण योजना ‘बॉब ग्रीन प्लग’ (BoB Green Plug) लॉन्च की है। इस योजना के तहत इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन, बैटरी स्वैपिंग केंद्र और संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थापना एवं विस्तार के लिए 5 करोड़ रुपये तक का वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इस योजना का उद्देश्य देश में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करना, स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना और ग्रीन फाइनेंसिंग के क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करना है। योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये से अधिक और 5 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
ईवी सेक्टर में कारोबार करने वालों को मिलेगा फायदा
भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता के साथ चार्जिंग स्टेशनों और बैटरी स्वैपिंग सुविधाओं की मांग भी बढ़ रही है। केंद्र सरकार की पीएम ई-ड्राइव जैसी पहलों और इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग से इस क्षेत्र में नए व्यावसायिक अवसर विकसित हो रहे हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा की ‘बॉब ग्रीन प्लग’ योजना इसी जरूरत को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसके तहत नई ईवी चार्जिंग सुविधाएं स्थापित करने के साथ मौजूदा चार्जिंग स्टेशनों और बैटरी स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए भी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
इस योजना का लाभ स्टार्टअप, ईवी चार्जिंग पॉइंट संचालक, ईंधन स्टेशन संचालक, फ्लीट ऑपरेटर, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान, लॉजिस्टिक्स सेंटर, आवासीय सोसाइटी और अन्य पात्र एमएसएमई उधारकर्ता उठा सकेंगे।
8.15 से 9.60 प्रतिशत तक ब्याज दर पर मिलेगा ऋण
योजना के शुभारंभ पर बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक श्री लाल सिंह ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए सुलभ, विश्वसनीय और व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग के साथ शहरों, राजमार्गों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार करने वाले व्यवसाय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ‘बॉब ग्रीन प्लग’ के माध्यम से बैंक ऐसी परियोजनाओं की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में सहयोग करेगा। यह पहल संवहनीय वित्तपोषण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की बैंक की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेगी।
योजना की प्रमुख विशेषताएं
बैंक ऑफ बड़ौदा की ‘बॉब ग्रीन प्लग’ योजना के तहत निम्नलिखित वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी:
- ऋण सीमा: पात्र परियोजनाओं के लिए 10 लाख रुपये से अधिक और 5 करोड़ रुपये तक का वित्तपोषण।
- ऋण का प्रकार: दीर्घावधि ऋण अथवा मांग ऋण।
- ब्याज दर: बैंक की बीआरएलएलआर से संबद्ध 8.15 प्रतिशत से 9.60 प्रतिशत सालाना तक की प्रतिस्पर्धी ब्याज दरें, जो ऋण राशि और उधारकर्ता की क्रेडिट रेटिंग पर निर्भर होंगी।
- ऋण चुकौती अवधि: अधिकतम 120 महीने तक।
- अधिस्थगन अवधि: अधिकतम 12 महीने तक की सुविधा।
- सौर ऊर्जा आधारित चार्जिंग: रूफटॉप सोलर सहित नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को भी वित्तीय सहायता।
- सहायक सुविधाएं: कैफेटेरिया और यूटिलिटी जैसी सुविधाओं के लिए कुल स्वीकृत ऋण का 25 प्रतिशत अथवा 1 करोड़ रुपये, जो भी कम हो, तक फाइनेंस।
- क्रेडिट गारंटी: पात्र परियोजनाओं को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अधीन सीजीटीएमएसई (CGTMSE) के अंतर्गत क्रेडिट गारंटी कवर मिल सकता है।
चार्जिंग स्टेशन से लेकर बैटरी स्वैपिंग सेंटर तक मिलेगा फाइनेंस
इस योजना के तहत सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन, निजी एवं स्व-उपयोग वाले चार्जिंग स्टेशन, व्यावसायिक चार्जिंग सुविधाएं, बैटरी स्वैपिंग केंद्र और उनसे संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी।
बैंक ऑफ बड़ौदा की यह पहल इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर में उद्यमियों और एमएसएमई के लिए निवेश के नए अवसर खोलने के साथ देश में स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था के विकास में सहयोग प्रदान करेगी।


