रायपुर। राजधानी रायपुर में बर्तन बेचने के बहाने महिलाओं को निशाना बनाकर उनके सोने-चांदी के जेवर ठगने का मामला सामने आया है। माना कैंप थाना क्षेत्र में हुई वारदात के बाद अब खमतराई इलाके में भी इसी तरह की घटना सामने आई है, जिससे पुलिस और आम लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बर्तन बेचने वाली एक महिला ने पहले महिलाओं का विश्वास जीता और फिर केंद्रीय योजना के तहत लाखों रुपये दिलाने का झांसा देकर उनके जेवर अपने कब्जे में ले लिए। आरोपी महिला ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि जेवरों का फोटो और डिजाइन दिखाने पर उन्हें योजना का लाभ मिलेगा।
खमतराई क्षेत्र के गोवर्धन नगर की चार महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी महिला उनके सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित महिलाओं के अनुसार, आरोपी ने जेवरों का वजन और डिजाइन दर्ज करने का बहाना बनाया और बाद में वापस नहीं लौटी।
इससे पहले माना थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना हुई थी, जहां एक महिला को कथित रूप से नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर जेवर लूटने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस दोनों मामलों के बीच संबंधों की जांच कर रही है।
पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर अपने कीमती जेवर या निजी जानकारी साझा न करें।


