पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में 600 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबारी परिवार के वारिस की मौत के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान एक हूडी (जैकेट) अहम सुराग साबित हुई, जिसके आधार पर पुलिस कथित हत्या की साजिश तक पहुंची। मामले में मृतक की मंगेतर रिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर यह मामला दुर्घटना प्रतीत हो रहा था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि पिछले छह महीनों में रिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच 2004 बार फोन पर बातचीत हुई और करीब 238 घंटे तक दोनों संपर्क में रहे।
जांच एजेंसियों का दावा है कि दोनों के बीच लंबे समय से कथित प्रेम संबंध थे। पुलिस को संदेह है कि इसी दौरान हत्या की साजिश तैयार की गई। सीसीटीवी फुटेज में मृतक को तेज धूप में हूडी पहनकर घूमते देखा गया, जिसने जांचकर्ताओं का ध्यान खींचा और मामले की दिशा बदल दी।
पुलिस का कहना है कि जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है। वहीं, आरोपियों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है। यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग जांच के अंतिम निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।


