Friday, September 25, 2026
Homeछत्तीसगढ़रायपुर: अयोध्या के लिए दो ट्रकों में सब्जी रवाना

रायपुर: अयोध्या के लिए दो ट्रकों में सब्जी रवाना

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को हरी सब्जी से भरे दो ट्रकों को श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या के लिए रवाना किया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ द्वारा श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए हरी सब्जी से भरे दो ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर श्री राम जन्मभूमि अयोध्या के लिए रवाना किया उन्होंने बताया कि इन दो ट्रकों में 20 टन सब्जी छत्तीसगढ़ से भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम भेजी जा रही है.

इससे पहले साय ने श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या के लिए 30 दिसंबर को 300 मीट्रिक टन सुगंधित चावल रवाना किया था. धान के कटोरे के रूप में प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ‘ननिहाल’ माना जाता है. विद्वानों के अनुसार भगवान राम 14 वर्ष के वनवास के दौरान छत्तीसगढ़ में कई स्थानों से होकर गुजरे थे. राजधानी रायपुर से लगभग 27 किलोमीटर स्थित चंदखुरी गांव को भगवान श्रीराम की मां माता कौशल्या की जन्मस्थली माना जाता है. गांव में स्थित प्राचीन माता कौशल्या मंदिर को पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान भव्य रूप दिया गया था.

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की नई सरकार ने राज्य में श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना शुरू करने का फैसला किया है. इस योजना के तहत प्रति वर्ष लगभग 20 हजार यात्रियों को श्री रामलला दर्शन के लिए यात्रा पर ले जाया जाएगा. राज्य में पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने मोदी की गारंटी के नाम से अपना संकल्प पत्र जारी किया था. जिसमें राज्य में सरकार बनने पर प्रदेशवासियों को अयोध्या में श्री रामलला का दर्शन कराने का वादा किया गया था.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments