Homeदेश विदेशभारत-पाक मैच के बहाने सरकार पर निशाना साधने वाले उद्धव को भाजपा...

भारत-पाक मैच के बहाने सरकार पर निशाना साधने वाले उद्धव को भाजपा ने कांग्रेस के साथ संबंधों पर घेरा

मुंबई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के बहिष्कार के शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे के आह्वान को उनका ‘पाखंड’ करार देते हुए कांग्रेस के साथ उनके गठबंधन को लेकर रविवार के सवाल खड़े किये. भाजपा ने पड़ोसी देश को अतीत में कथित तौर पर बढ़ावा देने वाली कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर ठाकरे पर निशाना साधा. एशिया कप में भारत और पाकिस्तान रविवार शाम दुबई में आमने-सामने होंगे. मई में सीमा संघर्ष बढ़ने के बाद से दोनों टीमों के बीच यह पहला मैच होगा.

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को एक आंतकवादी हमले में 26 पर्यटकों के मारे जाने के बाद भारत ने मई में पाकिस्तान में आतंकी ढांचों पर हमले किए थे. सरकार की नयी खेल नीति के अनुसार, भारत, पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय मुकाबले नहीं खेलेगा, लेकिन मौजूदा एशिया कप और आईसीसी के अन्य बहुपक्षीय टूर्नामेंट में पड़ोसी मुल्क के साथ मैच खेल सकता है.

भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने कहा कि देशभक्ति के नाम पर व्यापार करने का भाजपा पर आरोप लगाने वाले ठाकरे को जवाब देना चाहिए कि क्या ‘मुंबईवासियों का सिंदूर’ उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे गये सिंदूर से कम है.

उपाध्याय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “छब्बीस नवंबर, 2008 के हमलों के बाद भारतीय सेना तैयार थी, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस डर गए, जिससे पाकिस्तान का हौसला बढ़ गया. आज, वही कांग्रेस उद्धव ठाकरे की सबसे पसंदीदा पार्टी बन गई है, जबकि उन्हें पाकिस्तान को उसकी सरजमीं पर सबक सिखाने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अस्वीकार्य हैं.” ठाकरे ने शनिवार को मुंबई में संवाददाताओं से कहा था कि दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच राष्ट्रीय भावनाओं का अपमान है.

उन्होंने लोगों से मैच न देखने की अपील की और कहा कि उनकी पार्टी की महिला कार्यकर्ता सिंदूर इकट्ठा कर प्रधानमंत्री कार्यालय भेजेंगी. उपाध्याय ने ठाकरे के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल किया कि मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकवादी हमलों के बाद ठाकरे चुप क्यों रहे.

उन्होंने पूछा, “आप (ठाकरे) ‘मुंबई हमारी है’ चिल्लाते रहते हैं लेकिन 26 नवंबर 2008 के बाद आप चुप क्यों रहे? क्या आपमें (कांग्रेस सांसद) राहुल गांधी से इस बारे में सवाल पूछने की हिम्मत है?” भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अतीत में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के तहत पाकिस्तान कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे देश में साजिशें रचता रहा और मुंबई भी इसका शिकार बना.
उपाध्याय ने दावा किया, “कांग्रेस ने पाकिस्तान को ‘सर्वाधिक पसंदीदा राष्ट्र’ का दर्जा दिया था. अब, वही कांग्रेस ठाकरे की सबसे पसंदीदा पार्टी है. सच तो यह है कि पाकिस्तान समस्या की जड़ कांग्रेस है और ठाकरे ने उसे अपना लिया है.”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments