Homeदेश विदेशमकान मालिक ने तोड़ा कमरे का ताला तो खुला नकली नोटों का...

मकान मालिक ने तोड़ा कमरे का ताला तो खुला नकली नोटों का राज, ₹48 लाख की सामग्री जब्त; मुंबई भागा आरोपी

नागपुर
महाराष्ट्र के नागपुर शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किराएदार ने बंद कमरे के भीतर ही नकली नोट छापने का पूरा सेटअप लगा रखा था। मकान मालिक के साथ किराए के पैसों को लेकर हुए विवाद और कमरे का ताला तोड़े जाने के बाद इस पूरे फर्जी नोट रैकेट का खुलासा हुआ।

वाठोड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब कमरे की तलाशी ली, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। कमरे से 500 रुपए के नकली नोटों की गड्डियां, हाई-टेक प्रिंटर, नोट गिनने की मशीन और आधा-अधूरी छपी करेंसी बरामद की गई है।

18 महीने पहले लिया था कमरा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फर्जी नोटों के इस कारोबार को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान पुष्पक कृष्णा भंडारकर उर्फ बेंदने (त्रिमूर्ति नगर, नागपुर निवासी) के रूप में हुई है।

आरोपी पुष्पक ने करीब डेढ़ साल पहले नागपुर के खारबी इलाके में रमेश नाम के व्यक्ति से एक कमरा किराए पर लिया था। जनवरी में उसका रेंट एग्रीमेंट खत्म हो गया था, जिसके बाद उसने पिछले कई महीनों से किराया देना बंद कर दिया था।

जब मकान मालिक रमेश ने उससे कमरा खाली करने को कहा, तो आरोपी ने उन्हें चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मकान मालिक ने वाठोड़ा पुलिस स्टेशन में एनसी दर्ज कराई थी।

बाल्टी में भरी थीं 500 रुपए के नोटों की गड्डियां
कई दिनों तक जब किराएदार कमरे पर नहीं आया, तो शनिवार को मकान मालिक रमेश ने हथौड़े से कमरे का ताला तोड़ दिया। जैसे ही वे अंदर घुसे, नजारा देखकर दंग रह गए।

कमरे के अंदर एक बाल्टी में 500 रुपए के जाली नोटों की गड्डियां ठसाठस भरी हुई थीं।

कमरे में चारों तरफ नोट छपे हुए कागज के पन्ने बिखरे पड़े थे, साथ में एक प्रिंटर और नोट गिनने की मशीन भी लगी हुई थी। मकान मालिक ने तुरंत इसकी जानकारी वाठोड़ा पुलिस को दी।

37 लाख रुपए के छपे नोट और 48 लाख रुपए की कुल संपत्ति जब्त
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब नोट गिनने की मशीन से बरामद नोटों की गिनती की, तो शुरुआती जांच में 37 लाख रुपए मूल्य के 500 रुपए के नकली नोट पाए गए।

इसके अलावा, पुलिस को बड़ी संख्या में ऐसे कागज भी मिले जिन पर केवल एक तरफ नोट छपा था और दूसरी तरफ का हिस्सा कोरा था। छपे और आधे छपे नोटों तथा प्रिंटिंग सामग्री की कुल कीमत लगभग 48 लाख रुपए आंकी गई है।

मुंबई भागा आरोपी, गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना
वाठोड़ा पुलिस ने सारा सामान जब्त कर आरोपी पुष्पक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जब आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, तो पता चला कि वह लोकेशन बदलकर मुंबई भाग गया है।

नागपुर पुलिस की एक विशेष टीम को आरोपी पुष्पक को ट्रैक कर गिरफ्तार करने के लिए मुंबई भेजा जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी अब तक बाजार में कितने लाख रुपये के नकली नोट खपा चुका है और इस रैकेट में उसके साथ कौन-कौन शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments