Thursday, September 24, 2026
Homeछत्तीसगढ़सुकमा : 52 लाख रुपये के इनामी नौ नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

सुकमा : 52 लाख रुपये के इनामी नौ नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

सुकमा. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में कुल 52 लाख रुपये के इनामी नौ नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुकमा जिले में पीएलजीए बटालियन नंबर एक में सक्रिय नौ नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है.

उन्होंने बताया जिले में सक्रिय नक्सली कलमू मंगड़ू (30), माड़वी बुधरी (25), समीर उर्फ मिडियम सुक्का (22), रजनी उर्फ राजे (20), शांति कवासी (18), मड़कम सोमड़ी (25), नुप्पो नरसी (22), मड़कम हिड़मे (21) और नुप्पो हुंगी (50) ने सुकमा जिले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुरक्षाबलों के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली कलमू मंगड़ू, समीर, महिला नक्सली माड़वी बुधरी, रजनी, शांति और मड़कम सोमड़ी के सर पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम है.

उन्होंने बताया कि महिला नक्सली नुप्पो नरसी के सर पर दो लाख रुपये तथा महिला नक्सली मड़कम हिड़मे और नुप्पो हुंगी के सर पर एक-एक लाख रुपये का इनाम है. अधिकारियों ने बताया कि सुकमा जिले में चल रहे ‘नियद नेल्ला नार’ (आपका अच्छा गांव) योजना से प्रभावित होकर तथा अति संवेदनशील अंदरूनी क्षेत्रों में लगातार शिविर स्थापित होने से पुलिस के बढ़ते प्रभाव के कारण नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है.

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के खिलाफ जिले में बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है. इन घटनाओं में पुलिस दल पर हमला और बारूदी सुरंग विस्फोट जैसी घटनाएं शामिल है. अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को छत्तीसगढ़ नक्सलवाद उन्मूलन एवं पुनर्वास नीति के तहत 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है तथा उन्हें पुनर्वास नीति के तहत अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments