Homeमध्य प्रदेशदशहरे पर संकरी गलियों में नहीं होगा रावण दहन, दुर्गा विसर्जन के...

दशहरे पर संकरी गलियों में नहीं होगा रावण दहन, दुर्गा विसर्जन के लिए भोपाल प्रशासन के सख्त निर्देश

भोपाल 

भोपाल में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरे को लेकर नगर निगम ने पहली बार गाइड लाइन जारी की है। इसमें घाट और रावण दहन स्थल पर सुरक्षा के खास इंतजाम करने को कहा गया है। ताकि, कोई हादसा न हो सके।

बता दें कि 8 अक्टूबर को न्यू मार्केट में भीषण अग्निकांड हुआ था। छोले भटूरे की दुकान में लगी आग ने आसपास की कई दुकानों को भी चपेट में ले लिया था। इससे करोड़ों का नुकसान हुआ था। इसके बाद नगर निगम ने गाइड लाइन जारी कर दुर्गा समिति और रावण दहन समितियों को निर्देश जारी किए हैं।

7 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन होगा शहर में कुल 7 हजार से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन होगा, जो तीन दिन तक चलेगा। इसके लिए प्रशासन ने खटलापुरा, प्रेमपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, शाहपुरा, आर्च ब्रिज, मालीखेड़ी, सीहोर नाका, अनंतपुरा, ईटखेड़ी और नरोन्हा सांकल समेत अन्य प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाएं की हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाटों पर बेरिकेडिंग की गई है और करीब 5 हजार अधिकारी-कर्मचारी सुरक्षा, सफाई और विसर्जन की जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रत्येक घाट पर गोताखोर तैनात हैं और क्रेन, जेसीबी व लाइफ जैकेट की व्यवस्था की गई है।

छह प्रमुख घाटों पर पहुंचकर की व्यवस्थाओं की समीक्षा
नगर निगम आयुक्त ने प्रेमपुरा, रानी कमलापति, खटलापुरा, शाहपुरा, मालीखेड़ी और हथाईखेड़ा स्थित विसर्जन घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने घाटों तथा चल समारोह के मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने, प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने तथा साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। विसर्जन के दौरान घाटों पर जमा होने वाले प्रतिमाओं के अवशेषों को तत्काल हटाकर परिसर को साफ रखने संबंधी निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग, प्रशिक्षित गोताखोरों, नाव और आवश्यक संसाधनों से लैस अग्निशमन दल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

 

विसर्जन के बाद तत्काल निकाले जाएंगे मूर्तियों के अवशेष
मां दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन के लिए नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने  विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि चल समारोह मार्गों और विसर्जन घाटों पर पर्याप्त मात्रा में प्रकाश व्यवस्था की जाए। विसर्जन के लिए क्रेन सहित अन्य संसाधन, साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था को निरंतर उच्च स्तरीय बनाए रखें।

विसर्जन के बाद मूर्तियों के अवशेष तत्काल हटाए जाएंगे। चल समारोह मार्गों से अस्थायी दुकानें और ठेले हटाने, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई और आवारा पशुओं को हटाया जाए।

सात विसर्जन घाटों पर इन अधिकारियों की जिम्मेदारी
– रानी कमलापति घाट – तन्मय वशिष्ठ शर्मा, अपर आयुक्त
– हथाईखेड़ा डेम – वरुण अवस्थी, अपर आयुक्त
– शाहपुरा घाट – अमन मिश्रा, अपर आयुक्त
– संत हिरदाराम नगर-बैरागढ़ घाट – अभिषेक सिंह, अपर आयुक्त
– मालीखेड़ी घाट – वरुण बडेरिया, अपर आयुक्त
– प्रेमपुरा घाट – संतोष गुप्ता, मुख्य अभियंता
– खटलापुरा घाट – भुवन गुप्ता, उपायुक्त और विजय तिवारी, सहायक आयुक्त 

हर घाट के लिए अलग नोडल अधिकारी नियुक्त
विसर्जन की व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अलग-अलग घाटों पर वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इनके साथ प्रभारी अधिकारी और सहायक प्रभारी अधिकारी भी तैनात रहेंगे, जो व्यवस्थाओं की निगरानी और आपसी समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। निगम के आदेश के अनुसार, अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा को रानी कमलापति घाट, अपर आयुक्त वरुण अवस्थी को हथाईखेड़ा डैम, अपर आयुक्त अमन मिश्रा को शाहपुरा घाट, अपर आयुक्त अभिषेक सिंह को संत हिरदाराम नगर-बैरागढ़ घाट और अपर आयुक्त वरुण बड़ेरिया को मालीखेड़ी घाट का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता प्रेमपुरा घाट की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि उपायुक्त भुवन गुप्ता और सहायक आयुक्त विजय तिवारी को खटलापुरा घाट के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम में भी नगर निगम के अधिकारियों की तैनाती की गई है। यहां मिलने वाली शिकायतों और सूचनाओं पर जिला पुलिस तथा निगम के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी।

घाटों तक पहुंचने वाले रास्ते भी होंगे व्यवस्थित
नगर निगम ने विसर्जन घाटों और चल समारोह के मार्गों को सुगम बनाने के लिए भी निर्देश जारी किए हैं। रास्तों में बाधा बन रहे चाय, नारियल पानी और फल के ठेलों सहित अस्थायी दुकानों को हटाकर आवागमन व्यवस्थित किया जाएगा। सड़कों के गड्ढों की जरूरत के अनुसार मरम्मत, पेड़ों की छंटाई, बैरिकेडिंग और पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। मार्गों से आवारा पशुओं को हटाने तथा अनावश्यक बैनर-पोस्टर हटाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

न्यू मार्केट की आग के बाद सुरक्षा पर विशेष ध्यान
त्यौहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए नगर निगम ने अग्नि सुरक्षा और जनसुरक्षा को लेकर एडवाइजरी भी जारी की है। आठ अक्टूबर को न्यू मार्केट में हुई आग की घटना को ध्यान में रखते हुए निगम ने नागरिकों और आयोजकों से सावधानी बरतने की अपील की है। नगर निगम के सभी फायर स्टेशनों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और त्यौहार की अवधि में अग्निशमन अमले के अवकाश निरस्त किए गए हैं। प्रमुख रावण दहन स्थलों, गरबा स्थलों और विसर्जन घाटों पर फायर वाहन तथा प्रशिक्षित दल तैनात रहेंगे। न्यू मार्केट, चौक बाजार, इब्राहिमपुरा और बैरागढ़ जैसे प्रमुख बाजारों में फायर हाइड्रेंट सिस्टम की जांच और मॉक ड्रिल भी कराई जा रही है। निगम के अनुसार, कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा और पुलिस, यातायात पुलिस तथा जिला प्रशासन के साथ समन्वय करेगा।

रावण दहन और विसर्जन के लिए जारी किए निर्देश
नगर निगम ने रावण दहन के आयोजकों से कहा है कि दहन स्थल के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए और दर्शकों को सुरक्षित दूरी पर रखा जाए। पुतलों में निर्धारित मात्रा में ही लाइसेंसशुदा आतिशबाजी का उपयोग किया जाए। बिजली की हाईटेंशन लाइनों, पेट्रोल पंपों, आवासीय भवनों और संकरी गलियों के नजदीक दहन से बचने के निर्देश दिए गए हैं। दहन के समय अग्निशमन वाहन मौके पर मौजूद रखने और कार्यक्रम के बाद आग के अवशेष पूरी तरह बुझाने को भी कहा गया है। प्रतिमा विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं से केवल नगर निगम द्वारा निर्धारित घाटों और विसर्जन कुंडों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। विसर्जन जुलूस तय मार्ग और समय के अनुसार निकालने तथा गहरे पानी में उतरने से बचने की सलाह दी गई है। घाटों पर तैनात कर्मचारियों और क्रेन की मदद लेने के साथ पूजन सामग्री, फूल-मालाएं और प्लास्टिक निर्धारित पात्रों में डालने को कहा गया है।

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग का पालन करने की अपील की गई है। जुलूस मार्गों पर वाहन खड़े नहीं करने और एंबुलेंस व अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने के निर्देश हैं। भीड़भाड़ वाले बाजारों में अनावश्यक वाहन लेकर जाने से बचने और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments