प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को डिब्रूगढ़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ और उत्साह को देखते हुए उन्होंने कहा कि इस बार का जनसमर्थन अभूतपूर्व है।
डिब्रूगढ़ में दिखा अभूतपूर्व जनसमर्थन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें डिब्रूगढ़ आने का कई बार अवसर मिला है, लेकिन इस बार जो जोश और उत्साह देखने को मिला, वह पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि यह जनसमर्थन कांग्रेस के लिए चिंता का विषय है और मतदान से पहले यह तस्वीरें विपक्ष को पस्त कर देंगी।
असम की सांस्कृतिक एकता की सराहना
पीएम मोदी ने असम की सांस्कृतिक विविधता और एकता की सराहना करते हुए कहा कि यहां विभिन्न समुदाय—अहोम, कोच-राजबंशी, मोरान, मोतोक, मिसिंग, देवरी—सदियों से सौहार्द के साथ रहते आए हैं। उन्होंने कहा कि भाषा भले अलग हो, लेकिन सभी का सपना एक है—विकसित असम और विकसित भारत।
महान विभूतियों को किया याद
प्रधानमंत्री ने भूपेन हजारिका, गोपीनाथ बोरदोलोई और ज्योति प्रसाद अग्रवाल को याद करते हुए कहा कि इन महान हस्तियों ने असम को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि इन्हीं की प्रेरणा से भाजपा-एनडीए सरकार डिब्रूगढ़ को एक बड़े आर्थिक हब के रूप में विकसित कर रही है।
कांग्रेस पर उपेक्षा का आरोप
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि नुमालीगढ़ से डिब्रूगढ़ तक का हाईवे उसकी उपेक्षा का उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2005 में स्वीकृत परियोजना पर 2013 तक कोई काम नहीं हुआ, जबकि उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी।
कनेक्टिविटी में सुधार का दावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन में असम की कनेक्टिविटी की अनदेखी की गई, लेकिन अब बोगिबिल ब्रिज, भूपेन हजारिका सेतु और जोरहाट-माजुली सेतु जैसे प्रोजेक्ट्स से क्षेत्र में विकास की नई गति आई है।
हाईवे पर फाइटर जेट लैंडिंग का जिक्र
उन्होंने कहा कि हाल ही में मोरान में एक नए हाईवे पर लड़ाकू विमानों की लैंडिंग ने दुनिया का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने खुद भी वायुसेना के साथ उसी सड़क पर उतरने का अनुभव साझा किया और कहा कि यह असम के बदलते इंफ्रास्ट्रक्चर की झलक है। (इनपुट: आईएएनएस)


