गृह ग्राम कोसमकुंडा (सरसीवा)
गृह ग्राम कोसमकुंडा (सरसीवा) में अखिल भारतीय रामनामी महासभा के तत्वावधान में आगामी भव्य भजन मेला (2026-27) के आयोजन को लेकर शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु, रामनाम प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और इस पुण्य कार्य के साक्षी बने। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में बिलाईगढ़ की विधायक कविता प्राण लहरे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने इस पावन अवसर पर कहा कि रामनामी परंपरा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो समाज में भक्ति, समरसता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देती है। भजन मेला का आयोजन इस परंपरा को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित यह भव्य भजन मेला क्षेत्र ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देशभर के रामनाम प्रेमियों के लिए आस्था का केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और आध्यात्मिक जागरूकता को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने सफल आयोजन की कामना करते हुए सामूहिक रूप से रामनाम का संकीर्तन किया।


