रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही जलापूर्ति, सफाई और अवैध निर्माण संबंधी समस्याओं के बीच नगर निगम ने विशेष सामान्य सभा बुलाने का निर्णय लिया है। महापौर मीनल चौबे के पत्र पर सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने 6 जुलाई को विशेष सामान्य सभा की तिथि निर्धारित की है।
बैठक में शहर के प्रमुख मुद्दों जैसे जलसंकट, सफाई व्यवस्था, अवैध प्लॉटिंग और अवैध निर्माण पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। निगम एक्ट के प्रावधानों के अनुसार विशेष सामान्य सभा 15 दिनों के भीतर बुलाई जा सकती है। 22 जून को अधिसूचना जारी होने के बाद अब इस बैठक की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
नगर निगम के अनुसार शहर में पेयजल आपूर्ति को लेकर चुनौतियां बनी हुई हैं। वर्तमान में कई क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। वहीं सफाई व्यवस्था और अवैध निर्माण के मामलों को लेकर भी लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।
विपक्ष ने इस बैठक को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मार्च में हुई बजट सामान्य सभा में इन मुद्दों पर चर्चा हो सकती थी, लेकिन अब बारिश के मौसम में जलसंकट पर विशेष बैठक बुलाना प्रशासनिक तैयारी पर सवाल खड़े करता है। हालांकि निगम प्रशासन का कहना है कि बैठक में सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।


