Saturday, September 26, 2026
Homeछत्तीसगढ़रायगढ़ में बर्फ कारखाने में कंप्रेसर फटने से मालिक की मौत, कर्मचारी...

रायगढ़ में बर्फ कारखाने में कंप्रेसर फटने से मालिक की मौत, कर्मचारी घायल

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बर्फ कारखाने में कंप्रेसर फटने से कारखाना मालिक की मौत हो गई तथा एक कर्मचारी घायल हो गया. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी बुधवार को दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के सिटी कोतवाली थानाक्षेत्र अंतर्गत बहिदार पारा क्षेत्र स्थित एक बर्फ कारखाने में हुए हादसे में कारखाना मालिक संजय सहगल (46) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कर्मचारी अमन पटेल घायल हो गया.

सिटी कोतवाली थाना के प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि मंगलवार को क्षेत्र के सुभाष आईस फैक्ट्री में गैस सिलेंडर की रिफिलिंग के दौरान कंप्रेसर फट गया. उन्होंने बताया कि इस घटना में कारखाना मालिक संजय सहगल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कर्मचारी अमन पटेल घायल हो गया.

पटेल ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि जब कारखाना मालिक संजय सहगल, कर्मचारी अमन पटेल के साथ बर्फ जमाने के लिए मशीन में सिलेंडर लगा रहा था तब गैस में रिसाव हो गया और कंप्रेसर फट गया. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को मौके पर भेजा गया. उन्होंने बताया कि पुलिस ने बाद में घायल कर्मचारी को अस्पताल भेजा.

उन्होंने बताया कि शव भी अस्पताल भेज दिया गया है. अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है. उन्होंने बताया कि घायल अमन पटेल को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments