Homeदेश विदेशदवा-कॉस्मेटिक की गुणवत्ता पर सवाल, 324 सैंपल फेल होने के बाद बिक्री-वितरण...

दवा-कॉस्मेटिक की गुणवत्ता पर सवाल, 324 सैंपल फेल होने के बाद बिक्री-वितरण पर रोक

सोलन
 केंद्रीय औषधि
मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के अक्टूबर के ड्रग अलर्ट में देशभर की 324 दवाएं एवं कास्मेटिक के सैंपल फेल हुए हैं। इनमें से 92 का निर्माण हिमाचल में हुआ है। 287 सैंपल राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं व 37 केंद्रीय प्रयोगशालाओं की जांच में अधोमानक पाए गए। 

राज्य औषधि नियंत्रक डा. मनीष कपूर का कहना है कि हिमाचल की जिन कंपनियों के सैंपल अधोमानक पाए हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं। संबंधित बैच की बिक्री और वितरण पर रोक लगाने के साथ कंपनियों से जवाब मांगा है।

इनकी गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं
एंटीबायोटिक, हृदय रोग, दर्द एवं बुखार, बच्चों के सीरप, खांसी, पेट व आंखों की दवाएं, इंजेक्शन तथा विटामिन उत्पादों के साथ साबुन व फेस क्रीम के सैंपल भी फेल पाए गए। अधिकतर दवाएं डिसाल्यूशन, कंटेंट, एस्से, स्टेरिलिटी, पीएच, पार्टिकुलेट मैटर तथा एपीआइ की निर्धारित मात्रा जैसे गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरीं। ड्रग अलर्ट में पाकिस्तान के छह व थाईलैंड के दो ब्यूटी प्रोडक्ट के अलावा आस्ट्रेलिया की एक दवा का सैंपल भी फेल मिला है।

नसों में दर्द में प्रयोग होने वाला सिगनेचर इंडस्ट्री देहरादून में बना प्रेगाबालिन 300 एमजी कैप्सूल (बैच नंबर 531-761), प्रसव के दौरान गर्भाशय में संकुचन में प्रयोग होने वाला बायो मेडिका लेबोरेट्री इंदौर में बना आक्सीटोसिन इंजेक्शन (बैच नंबर टीपी2ओएक्स2क्यू), टाइप-दो मधुमेह में दी जाने वाली मार्क लाइफ साइंस सिक्किम के उद्योग में बनी ग्लिमेपिराइड 2 एमजी दवा (बैच नंबर एसवाईजीटी126) का सैंपल फेल हुआ है।

विटामिन बी12 की कमी दूर करने के लिए एफी पेरेंटल्स उद्योग गुल्लरवालां में बनाई मिथाइलकोबालामिन इंजेक्शन 1500 एमसीजी दवा (बैच नंबर पीजीवाई25033) व हार्ट अटैक के जोखिम को कम करने में उपयोगी थोरब फार्मा एंड रिसर्च लैबोरेट्री पुडुचेरी में बनी क्लोगरेल-ए (बैच नंबर पीजीएमपी0359) का सैंपल फेल हुआ है। 

थाईलैंड की दवा भी फेल
मांसपेशियों का आकार और वजन तेजी से बढ़ाने के लिए बनाई थाईलैंड के मिस्टर वीर भान उद्योग में निर्मित डियानाबोल 10 एमजी (बैच नंबर आइएनपी-0126) का सैंपल फेल हुआ है। 

पाकिस्तान की ब्यूटी क्रीम का सैंपल भी फेल
चेहरे की त्वचा को माइस्चराइज करने व रंगत निखारने में मदद करने के लिए निर्मित पाकिस्तान के उद्योग गोरी कास्मेटिक्स में बनी गोरी ब्यूटी क्रीम (बैच नंबर जीबी153) और दाग धब्बों को ठीक करने वाली पाकिस्तान के उद्योग शाहीन कास्मेटिक्स में बनी फेस फ्रेश प्लस गोल्ड क्रीम (बैच नंबर एन61145) का सैंपल फेल हुआ। स्किन ब्राइट करने और पिगमेंटेशन के लिए इस्तेमाल होने वाली बैंकाक (थाईलैंड) के रायल इंटर कास्मेटिक उद्योग में बनी प्रीडा ग्लूटा फास्ट क्रीम (बैच नंबर 35352) भी गुणवत्ता में सही नहीं मिली है।

इन राज्यों की दवाओं के सैंपल हुए फेल
हिमाचल की 92, उत्तराखंड की 62, गुजरात, हरियाणा व मध्य प्रदेश की 25-25, सिक्किम की 14, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश व पुडुचेरी की नौ-नौ, पाकिस्तान व जम्मू की छह-छह, कर्नाटक, तमिलनाडु व पंजाब की पांच-पांच, बिहार की चार, दमन, गोवा, थाईलैंड व असम की दो-दो, मुंबई, बंगाल, चंडीगढ़, केरलम, आस्ट्रेलिया, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश की एक-एक दवा का सैंपल फेल हुआ है। तीन दवाओं पर उद्योगों के नाम व स्थान अंकित नहीं हैं।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments