Homeखेलसैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में प्रियांश का तूफान, 36 गेंदों में शतक...

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में प्रियांश का तूफान, 36 गेंदों में शतक ठोक बनाया रिकॉर्ड

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले युवा धाकड़ बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने अद्भुत कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने टी20 मैच में ताबड़तोड़ 19 छक्के उड़ाते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। प्रियांश ने सिर्फ 68 गेंदों में 181 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर बना डाला। यह अद्भुत कारनामा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एक मुकाबले में दिल्ली के लिए खेलते हुए बनाया। उन्होंने एलीट ग्रुप-बी के एक मैच में तमिलनाडु की धज्जियां उड़ा दीं। इस पारी में उन्होंने 9 चौके भी लगाए।

इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेलते हुए प्रियांश आर्या ने तमिलनाडु के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने किसी भी टी20 मैच में सबसे अधिक 19 छक्के के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। सबसे पहले यह कारनामा फिन ऐलन ने किया था। ऐलन ने 2025 में एक टी20 मैच के दौरान 19 छक्के लगाए थे। ओकलैंड में वाशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ 12 जून 2025 को मेजर लीग क्रिकेट (MLC) मैच में न्यूजीलैंड के इस खिलाड़ी ने सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए पारी की शुरुआत की थी। उस मैच में उन्होंने 51 गेंदों पर 151 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 19 छक्के शामिल थे।

36 गेंदों में जड़ दिया शतक
प्रियंश आर्या ने पावरप्ले के छह ओवरों में ही 8 छक्के जड़ दिए और महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। साई किशोर के खिलाफ लगातार 2 छक्के जड़कर उन्होंने अपना स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। प्रियांश की पारी का अंत 19वें ओवर में एम सिद्धार्थ ने किया। वह 68 गेंदों पर 181 रन बनाकर आउट हुए। भारत में टी20 क्रिकेट में यह सबसे बड़ा इंडिविजुअल स्कोर है।

टी20 में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय
181 रन की इस पारी के साथ प्रियांश आर्या टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले केएल राहुल ने 2026 में आईपीएल के दौरान दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 152 रन बनाए थे। वहीं तिलक वर्मा ने 2024 में मेघालय के खिलाफ नाबाद 151 रन की पारी खेली थी। प्रियंश ने 181 रन बनाकर इन दोनों को पीछे छोड़ दिया। वहीं, छक्के लगाने के मामले में उन्होंने पुनीत को पीछे छोड़ा। मेघालय के पुनीत बिष्ट ने 2021 में मिजोरम के खिलाफ टी20 पारी में 17 छक्के लगाए थे।

दिल्ली ने खड़ा किया 275 रन का विशाल स्कोर
प्रियांश आर्या की तूफानी पारी की बदौलत दिल्ली की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 275 रन बना दिए। यह दिल्ली का टी20 क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके साथ ही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास का यह तीसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर भी है।

लगातार 6 छक्के भी लगा चुके हैं प्रियांश
प्रियांश आर्या का नाम इससे पहले दिल्ली प्रीमियर लीग में भी चर्चा में आया था। उन्होंने अगस्त 2024 में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की ओर से खेलते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ 50 गेंदों पर 120 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने एक ओवर में लगातार छह छक्के जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। उसी मुकाबले में आयुष बदोनी ने 55 गेंदों पर 165 रन की पारी खेली थी। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 286 रन की साझेदारी हुई थी, जो टी20 क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए विश्व रिकॉर्ड साझेदारी बनी थी। प्रियांश को आईपीएल में पंजाब किंग्स ने 3.80 करोड़ रुपये में खरीदा था।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments