Saturday, September 26, 2026
Homeछत्तीसगढ़कठपुतली एजेंसियों का डर दिखाकर देश की आवाज को नहीं दबा सकते...

कठपुतली एजेंसियों का डर दिखाकर देश की आवाज को नहीं दबा सकते प्रधानमंत्री: प्रियंका गांधी

नयी दिल्ली/रायपुर. कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में पार्टी के कई नेताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि कठपुतली एजेंसियों का डर दिखाकर देश की आवाज को दबाया नहीं जा सकता.

पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस इस तरह के ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ वाले कदमों से डरने वाली नहीं है.
उन्होंने रायपुर में स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कदम के खिलाफ कानून के तहत लड़ाई लड़ेगी.

कांग्रेस नेताओं के परिसरों पर ईडी के छापे के बारे में पूछे जाने पर वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट रूप से एक राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है. हमें इसकी उम्मीद थी. हम इसकी (छापे की) उम्मीद कर रहे थे, क्योंकि कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है और चुनाव भी होने वाले हैं. हम किसी चीज से डरे हुए नहीं हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं. भाजपा या मोदी के नाम पर यह मत सोचिए कि कांग्रेस डरने वाली है. हम निश्चित रूप से कानून के अनुसार इसका मुकाबला करेंगे. आप देख सकते हैं कि एक राष्ट्रीय पार्टी के अधिवेशन से ठीक पहले, वे (भाजपा) इस प्रकार का नाटक कर रहे हैं.’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री जी के मित्र गौतम अडाणी पर शेल कंपनी के जरिए घपला व अन्य कई गंभीर आरोप लगे. लेकिन क्या आपको कोई भी एजेंसी इसकी जांच करते दिखी? लेकिन, कांग्रेस अधिवेशन में अड़ंगा डालने व मोदी जी और उनके मित्र के बीच की साठगांठ पर उठ रही आवाजों पर एजेंसियां लगा दी गई हैं.’’

उन्होंने कहा,‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस निडर होकर देश के मुद्दों पर आवाज उठाती रहेगी. कांग्रेस अधिवेशन में हम महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ बुलंद आवाज उठाने का संकल्प लेंगे. कठपुतली एजेंसियों का डर दिखाकर आप देश की आवाज को दबा नहीं सकते.’’ उल्लेखनीय है कि ईडी ने कोयला लेवी धनशोधन मामले में जारी जांच के तहत सोमवार को कांग्रेस नेताओं से जुड़े परिसरों सहित छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर छापेमारी की. यह छापेमारी राज्य की राजधानी रायपुर में 24-26 फरवरी तक कांग्रेस के तीन दिवसीय पूर्ण अधिवेशन से पहले हुई है. राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार है.

अडाणी समूह से जुड़ी संस्थाओं की ‘अवैध गतिविधियों’ की जांच क्यों नहीं हुई: कांग्रेस

कांग्रेस ने अडाणी समूह से जुड़े मामले को लेकर मंगलवार को एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि अडाणी समूह से संबंधित फर्जी संस्थाओं द्वारा स्टॉक पार्किंग संबंधी अवैध गतिविधियों की जांच की क्या स्थिति है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पार्टी की ‘हम अडाणी के हैं कौन’ श्रृंखला के तहत पिछले कई दिनों की तरह मंगलवार को भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कुछ सवाल किए.

उन्होंने दावा किया, ‘‘जैसा कि हमने इस श्रृंखला के अपने 19 फरवरी 2023 को पूछे प्रश्नों के सेट में उल्­लेख किया था कि अडाणी समूह ने रूस के उस वीटीबी बैंक का उपयोग करते हुए कई ‘संबंधित पार्टी लेन-देन’ किए हैं, जो कई वर्षों से अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का सामना कर रहा है.’’

रमेश ने सवाल किया, ‘‘हम यह जानना चाहते हैं कि अडाणी समूह से संबंधित फर्जी संस्थाओं द्वारा स्टॉक पार्किंग संबंधी अवैध गतिविधियों की जांच की स्थिति क्या है? क्या इन संस्­थाओं के गहरे वैश्विक संबंध समुचित जांच को बाधित कर रहे हैं? अडाणी समूह के संदर्भ में हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के कारण समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई है. अडाणी समूह ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों को खारिज किया है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments