लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों एक नया ट्रेंड चर्चा में है. चुनाव की तैयारी के बीच नेता राजनीतिक सभाओं और रैलियों के साथ धार्मिक आयोजनों के जरिए भी लोगों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं. कहीं रामकथा हो रही है तो कहीं अन्य आयोजन. अब इस कड़ी में बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी एक बार फिर बड़े कथा आयोजन की तैयारी में जुट गए हैं.
बृजभूषण शरण सिंह जनवरी में गोंडा के नंदिनी नगर में कथा का आयोजन कराने जा रहे हैं. इस आयोजन को 'सनातन की ओर कथा 2.0' नाम दिया गया है. प्रस्तावित कार्यक्रम 2 जनवरी से 8 जनवरी तक चलेगा. यानी करीब सात दिनों तक नंदिनी नगर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा.
इस आयोजन की तैयारी के बीच बृजभूषण शरण सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की है. उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने प्रस्तावित कथा आयोजन के बारे में जानकारी दी है. ऐसे में इस मुलाकात और कथा आयोजन को यूपी की मौजूदा राजनीतिक हलचल के बीच देखा जा रहा है.
बृजभूषण शरण सिंह 26 नवंबर को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे थे. दोनों नेताओं की मुलाकात मुख्यमंत्री आवास पर हुई. इस दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया. उन्होंने कहा कि वह अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे, इसलिए मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे. मुलाकात के बाद बृजभूषण ने इसे पारिवारिक और शिष्टाचार भेंट बताया.
पहले भी करा चुके हैं बड़ा राष्ट्रकथा आयोजन
बृजभूषण शरण सिंह के लिए नंदिनी नगर में कथा का आयोजन नया नहीं है. इससे पहले जनवरी 2026 में भी उन्होंने यहां राष्ट्रकथा का आयोजन कराया था. यह आयोजन कई दिनों तक चला था. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ कई चर्चित राजनीतिक चेहरे भी शामिल हुए थे.
इस आयोजन ने धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी काफी चर्चा बटोरी थी. अब एक बार फिर नंदिनी नगर में कथा आयोजन की तैयारी है. इस बार इसे 'सनातन की ओर कथा 2.0' नाम दिया गया है. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं. चुनाव से पहले राज्य के अलग-अलग इलाकों में बड़े धार्मिक आयोजन हो रहे हैं. बीजेपी के नेता और मंत्री अपने क्षेत्रों में रामकथा, भागवत कथा और शिवमहापुराण जैसे कार्यक्रम करा रहे हैं.


