छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय, कर्मचारियों में खुशी की लहर – डॉ. अमित मिरी
रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों के हितों को लेकर आयोजित EC (Executive Committee) की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। बैठक में कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नवीन मानव संसाधन नीति 2026, वेतन वृद्धि, EPF सुविधा, चिकित्सा परिचर्या तथा स्थानांतरण नीति सहित विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. अमित मिरी ने इन उपलब्धियों को कर्मचारियों के संघर्ष, एकजुटता और धैर्य का परिणाम बताते हुए सभी NHM कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
EC बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
1. चिकित्सा अवकाश संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय: 35,000 रुपये से अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों के प्रकरणों का अनुमोदन राज्य स्तर पर तथा 35,000 रुपये से कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों के प्रकरणों का अनुमोदन जिला स्तर पर किया जाएगा।
2. नवीन मानव संसाधन नीति 2026: नवीन HR नीति को अनुमोदन प्राप्त हुआ है, जिससे कर्मचारियों के सेवा संबंधी विषयों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
3. स्थानांतरण नीति: कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरण नीति में मानवीय एवं कर्मचारी हितैषी बिंदुओं को शामिल किया गया है।
4. अनुभव के अंक: कर्मचारियों के अनुभव को महत्व देते हुए अनुभव आधारित अंकों का प्रावधान किया गया है।
5. चिकित्सा परिचर्या: चिकित्सा परिचर्या संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
6. अतिरिक्त 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि: जुलाई 2023 के पूर्व नियुक्त ऐसे कर्मचारी, जो एक वर्ष की समय-सीमा के कारण अतिरिक्त 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि से वंचित रह गए थे, उन्हें एरियर्स सहित 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि का लाभ मिलेगा।
7. EPF सुविधा: NHM के समस्त कर्मचारियों के वेतन से EPF की कटौती की जाएगी। इसमें वेतन की कोई सीमा नहीं होगी।
8. वार्षिक 5 प्रतिशत इंक्रीमेंट: प्रतिवर्ष मिलने वाले 5 प्रतिशत वेतन इंक्रीमेंट को अनुमोदन प्राप्त हुआ है। इसके लिए जल्द ही जिलों को आदेश जारी किए जाएंगे।
प्रक्रियाधीन एवं लंबित मांगें
बैठक में कुछ मांगें अभी प्रक्रियाधीन एवं लंबित हैं, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
1. संविलियन की मांग।
2. पब्लिक हेल्थ कैडर के लिए टास्क फोर्स का गठन एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना।
3. ग्रेड-पे कमेटी का गठन, संघ के प्रतिनिधि सदस्य तथा कर्मचारी हितैषी ग्रेड-पे का निर्माण एवं लागू करना।
4. 33 दिन की हड़ताल अवधि का वेतन भुगतान।
मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री से शेष मांगों पर सकारात्मक पहल की अपेक्षा
छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ ने विश्वास व्यक्त किया है कि संघ की शेष सभी मांगें सुशासन की सरकार में माननीय मुख्यमंत्री जी एवं स्वास्थ्य मंत्री जी के मार्गदर्शन और निर्देशन में शीघ्र पूरी होंगी।
डॉ. अमित मिरी ने कहा कि NHM कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में लगातार महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कर्मचारियों की एकजुटता, संघर्ष और धैर्य से कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। शेष मांगों को लेकर भी संघ निरंतर प्रयासरत रहेगा।
उन्होंने प्रदेश के सभी NHM कर्मचारियों को इन उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।


