Friday, September 25, 2026
Homeदेश विदेशकेंद्र के वादे के बावजूद राज्य के दर्जे के मुद्दे पर विभाजनकारी...

केंद्र के वादे के बावजूद राज्य के दर्जे के मुद्दे पर विभाजनकारी राजनीति की कोशिश में नेकां : भाजपा

श्रीनगर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने मंगलवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर राज्य के मुद्दे पर विभाजनकारी राजनीति को फिर से हवा देने का आरोप लगाया और कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस अब खोखले नारे और पुरानी बातों से लोगों को भड़का नहीं सकती. भाजपा ने कहा कि देश के नेतृत्व ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया है और सही समय पर इसे पूरा किया जाएगा.

यह बयान सोमवार को गांदरबल में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि जम्मू-कश्मीर के लोग राज्य का दर्जा बहाल करने की अपनी मांग को लेकर धैर्य बनाए हुए हैं, लेकिन इसका फायदा नहीं उठाया जाना चाहिए.
भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने एक बयान में कहा, ”जम्मू-कश्मीर न तो बांग्लादेश है और न ही नेपाल और उसे खोखले नारों और पुराने ढर्रे की बातों के आधार पर भड़काया नहीं जा सकता.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जम्मू-कश्मीर को उसका राज्य का दर्जा वापस मिलेगा.

उन्होंने कहा, ”इसलिए इस मुद्दे पर राजनीति की कोई गुंजाइश नहीं है. जब देश का नेतृत्व अपनी बात कह देता है, तो उसे सही समय पर पूरा भी किया जाता है. भाजपा, नेशनल कॉन्फ्रेंस की तरह झूठ और फरेब में नहीं पड़ती. हम वादे करते हैं, जिन्हें हम पूरा कर सकते हैं और करते भी हैं.” ठाकुर ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व पर 1947 से जनमत संग्रह और स्वायत्तता के झूठे नारे लगाकर लोगों की भावनाओं को दोहन करने का आरोप लगाया, जबकि जमीनी स्तर पर कभी कोई ठोस काम नहीं किया गया.

उन्होंने कहा, ”नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपनी पूरी राजनीति धोखे और विश्वासघात पर खड़ी की है. दशकों तक उन्होंने झूठे वादों से लोगों को बेवकूफ बनाया, सत्ता हथिया ली और जरूरत के समय आम कश्मीरियों को छोड़ दिया. धोखे की वह राजनीति अब खत्म हो गई है.” भाजपा नेता ने अब्दुल्ला पर ”ऐसे समय में विभाजनकारी राजनीति को फिर से हवा देने की कोशिश करने” का आरोप लगाया, जब मोदी के नेतृत्व में शांति, विकास और प्रगति नए जम्मू-कश्मीर को आकार दे रही है.

ठाकुर ने कहा, ”लोगों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस की उकसावे की राजनीति को नकार दिया है. कश्मीर आज रोजगार, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और पर्यटन विकास की आकांक्षा रखता है, न कि राज्य का दर्जा बहाल करने के खोखले नारों की, जिसका वादा पहले ही किया जा चुका है.” उन्होंने कहा कि किसी को भी कश्मीर के शांतिपूर्ण हालात को अस्थिर करने की इजाज.त नहीं दी जाएगी, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो. ठाकुर ने कहा, ”जो कोई भी कश्मीर के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके साथ कानून के मुताबिक सख़्ती से निपटा जाएगा.”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments