Friday, September 25, 2026
Homeछत्तीसगढ़मोदी सरकार ने 'लूट' के मामले में अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ा...

मोदी सरकार ने ‘लूट’ के मामले में अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ा : केजरीवाल

बिलासपुर/नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछले नौ वर्ष में ‘लूट’ के मामले में 250 साल हुकूमत करने वाले अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया. छत्तीसगढ. के बिलासपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और पार्टी पर 75 साल तक देश को ‘लूटने’ का आरोप लगाया. राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने है.

केजरीवाल ने जनता से ‘आप’ के पक्ष में मतदान करने की अपील की, ताकि छत्तीसगढ. को भ्रष्टाचार से मुक्त किया जा सके.
उन्होंने कहा, ”मोदी जी यह कहते हुए मुझ पर भड़क गए कि मैं दिल्ली में ‘मुफ्त की रेवड़ियां’ बांट रहा हूं. हां, मोदी जी मैं बांट रहा हूं. लेकिन आपके लोग ‘रेवड़ियां’ लूट रहे हैं और उन्हें अपने घर ले जा रहे हैं. अगर मैं गरीबों के हाथों में ‘रेवड़ियां’ दे रहा हूं, तो आपको चिंता क्यों हो रही है?” ‘आप’ संयोजक ने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं.

उन्होंने कहा, ”सब्जियां, दूध, आटा सभी चीजें महंगी होती जा रही हैं. क्या आप लोगों ने सोचा कि दाम क्यों बढ. रहे हैं? मोदी जी ने इतना कर लगाया है, जो आजादी के बाद अभूतपूर्व है. मोदी जी ने यहां तक कि चाय, कॉफी, दूध, तेल आदि को भी नहीं बख्शा.” केजरीवाल ने दावा किया कि अंग्रेजों ने भी (भारत पर शासन के दौरान) दूध और आवश्यक वस्तुओं पर कर नहीं लगाया था. उन्होंने कहाा कि हमने आजादी के 75 साल में पहले कभी खाद्य सामग्री पर कर लगते नहीं देखा था.

‘आप’ नेता ने आरोप लगाया, ”वह (प्रधानमंत्री मोदी) इतना सारा कर इकट्ठा कर किसे दे रहे हैं? उनके ‘मित्र’ हैं…मोदी जी ने अपने मित्रों के 11 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर दिए. मोदी जी आप (जनता से) दूध और छांछ पर कर वसूलकर पूरी राशि खुलेआम अपने मित्रों को दे रहे हैं.” केजरीवाल ने कहा, ”मोदी सरकार ने नौ साल में जितना लूटा है, उतना तो अंग्रेजों ने 250 साल के शासन में भी नहीं लूटा. यहां तक कि कांग्रेस ने भी 75 साल में इतनी लूट नहीं मचाई.” उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री ने मुफ्त में ”11 लाख करोड़ रुपये का कर्ज” माफ किया.

‘आप’ नेता ने कहा, ”मोदी जी ने बेईमानी की है और ‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया को जेल भेजा गया है.” उल्लेखनीय है कि दिल्ली आबकारी नीति के निर्माण एवं कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में दिल्ली के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को इस साल मार्च में गिरफ्तार किया गया था.

केजरीवाल ने कहा, ”मोदी जी ने पिछले दस साल में देश को बर्बाद कर दिया. क्या नोटबंदी से देश को फायदा हुआ? वे दावा करते थे कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार और आतंकवाद खत्म होगा, लेकिन क्या ऐसा हुआ? अगर शिक्षित व्यक्ति होता, तो वह कभी नोटबंदी लागू नहीं करता.” उन्होंने दिल्ली और ‘पंजाब’ की आप सरकार की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया.

केजरीवाल ने कहा, ”ईश्वर ने छत्तीसगढ. को अच्छे नेता और अच्छी राजनीतिक पार्टियों के अलावा सब कुछ दिया है. अगर भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने पिछले 23 साल में छत्तीसगढ. में अच्छा काम किया होता, तो राज्य का हर परिवार अमीर हो जाता.” प्रधानमंत्री मोदी की शैक्षणिक योग्यता पर कटाक्ष करते हुए केजरीवाल ने गरीब परिवार के चौथी कक्षा उत्तीर्ण बच्चे की कहानी सुनाई, जो महान देश का राजा बन जाता है और फिर उसे बर्बाद कर देता है. इस जनसभा में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे.

प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचार के सबसे बड़े ‘पोषक’ : आप

आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए उन्हें ” भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा पोषक” करार दिया. पार्टी ने यह टिप्पणी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजित पवार के आठ अन्य विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे नीत महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने के बाद की.

मुंबई स्थित राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेश बैस ने अजित पवार को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जबकि अन्य आठ राकांपा नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले राकांपा नेताओं में छगन भुजबल, दिलीप वल्से पाटिल, हसन मुशरिफ, धनंजय मुंडे, अदिति तटकरे, धर्मराव अत्राम, अनिल पाटिल और संजय बनसोडे शामिल हैं.

महाराष्ट्र के घटनाक्रम को लेकर ‘आप’ के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने प्रधानमंत्री को आड़े हाथ लिया. उन्होंने ट्वीट किया,” नरेन्द्र मोदी देश में भ्रष्टाचार के सबसे बड़े पोषक हैं. दो दिन पहले भ्रष्टाचार पर कार्यवाही की गारंटी दी आज ‘चक्की पिसिंग’वाले को उप मुख्यमंत्री, छगन भुजबल को मंत्री बनाया. आज सारे टीवी चैनल मोदी जी की निंदा करेंगे.”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments