Homeछत्तीसगढ़कई दलों ने संपर्क किया है, लेकिन मेरा कांग्रेस पार्टी छोड़ने का...

कई दलों ने संपर्क किया है, लेकिन मेरा कांग्रेस पार्टी छोड़ने का कोई इरादा नहीं : टी एस सिंहदेव

रायपुर. छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने बुधवार को कहा कि यह सच है कि कई दलों ने उनसे संपर्क किया है लेकिन उनका कांग्रेस पार्टी छोड़ने का कोई इरादा नहीं है. सिंहदेव से संवाददाताओं ने जब उनसे पूछा कि क्या भाजपा ने ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत उन्हें अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए उनसे संपर्क किया था, उन्होंने कहा, ”यह ऑपरेशन लोटस के बारे में नहीं है. जब भी किसी को कोई गुंजाइश दिखता है तब वह राजनीतिक दल पहल करता है. मैं कांग्रेस छोड़कर किसी अन्य पार्टी में नहीं जाऊंगा. पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं वह काम करूंगा.”

उन्होंने कहा कि यह सच है कि कई पार्टियों ने उनसे संपर्क किया था, वह इसे स्पष्ट करना चाहते हैं. मंगलवार को अंबिकापुर में पार्टी के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए सिंहदेव ने कहा था कि उन्होंने पार्टी के सामने अपना पक्ष रख दिया है. कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद रहे सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने बताया कि बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने कहा था कि अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए भाजपा और अन्य दलों के नेता उनसे संपर्क कर रहे हैं.

गुप्ता ने बताया, ”सम्मेलन में सिंहदेव ने कहा था कि मैं भाजपा में शामिल होने के बजाए घर में बैठना पसंद करूंगा.” कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि टी एस सिंहदेव हमारे वरिष्ठ नेता हैं, भाजपा उन्हें लुभाने की कोशिश करती है, लेकिन वह (सिंहदेव) कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही हैं इसलिए छत्तीसगढ़ में भाजपा का ऑपरेशन लोटस कामयाब नहीं होगा. छत्तीसगढ़ में इस वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होना है. राज्य में स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का विरोधी माना जाता है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments