Homeछत्तीसगढ़Mahadev Betting App Case: मोहित सोमानी के घर पहुंची CBI टीम, रायपुर...

Mahadev Betting App Case: मोहित सोमानी के घर पहुंची CBI टीम, रायपुर में मचा हड़कंप

रायपुर.

महादेव सट्टा मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने जांच तेज करते हुए शुक्रवार सुबह रायपुर के समता कॉलोनी स्थित आरोपित मोहित सोमानी के घर दबिश दी। करीब छह सदस्यीय टीम उसके मकान पर पहुंची और लगभग एक घंटे तक जांच-पड़ताल कर वापस लौट गई।

मोहित सोमानी का नाम महादेव सट्टा सिंडिकेट में ऑपरेटर के रूप में सामने आया था। आरोप है कि वह महादेव 364 पैनल का संचालन करता था। सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और भारत वापसी के बाद रायपुर में हुई इस कार्रवाई को जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है।

कोलकाता से हुआ था गिरफ्तार
मोहित सोमानी को नवंबर 2024 में रायपुर पुलिस ने कोलकाता के न्यू टाउन इलाके से गिरफ्तार किया था। जांच में उसका संबंध महादेव सट्टा नेटवर्क से सामने आया था। आरोप है कि वह पैनल के माध्यम से अवैध ऑनलाइन सट्टे का कारोबार संचालित करता था। फिलहाल उसके रायगढ़ जेल में बंद होने की जानकारी है। सीबीआई की टीम ने उसके समता कॉलोनी स्थित घर पहुंचकर जांच की। हालांकि, दबिश के दौरान क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद बढ़ी सक्रियता
महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद सीबीआई ने उससे पूछताछ की थी। आठ दिन की सीबीआई कस्टडी पूरी होने पर 12 नवंबर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद जांच एजेंसी ने सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपितों और उनके ठिकानों की पड़ताल तेज कर दी है। इसी कड़ी में समता कॉलोनी में हुई कार्रवाई को जोड़ा जा रहा है।

ईडी भी करेगी पूछताछ
सौरभ चंद्राकर के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की मनी लॉन्ड्रिंग जांच भी जारी है। ईडी ने उसे अपने मामले में पेश कराने के लिए प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है। शुक्रवार सुबह उसे पीएमएलए कोर्ट में पेश भी कर दिया गया, जहां ईडी कस्टोडियल रिमांड की मांग ईडी ने की है। देर शाम तक इस पर फैसला होने की संभावना है। सीबीआई और ईडी की समानांतर कार्रवाई से महादेव सट्टा नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन और अन्य ऑपरेटरों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments