Thursday, September 24, 2026
Homeछत्तीसगढ़लोकसभा चुनाव, बसपा ने की छत्तीसगढ़ की दो सीटों के लिए उम्मीदवारों...

लोकसभा चुनाव, बसपा ने की छत्तीसगढ़ की दो सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी

रायपुर. मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से दो के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की. पार्टी के पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी. छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा.

बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हेमंत पोयाम ने बताया कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर, आगामी लोकसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ की जांजगीर-चांपा और बस्तर लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है.

सूची के अनुसार पार्टी की जांजगीर-चांपा जिला इकाई के अध्यक्ष डॉक्टर रोहित कुमार डहरिया को जांजगीर-चांपा (अनुसूचित जाति आरक्षित) लोकसभा सीट से तथा पूर्व सरपंच आयतु राम मंडावी को बस्तर (अनुसूचित जनजाति आरक्षित) सीट से मैदान में उतारा गया है. पोयाम ने बताया कि मंडावी को 2009 और 2019 के लोकसभा चुनाव में बस्तर सीट से मैदान में उतारा गया था. लेकिन वह असफल रहे थे.

बसपा ने पिछला विधानसभा चुनाव राज्य में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) के साथ गठबंधन में लड़ा था और उसके सभी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा था. बसपा के दो विधायक केशव प्रसाद चंद्रा और इंदु बंजारे भी पिछला विधानसभा चुनाव हार गए थे. पिछले विधानसभा चुनाव में जीजीपी को एक सीट पर जीत मिली थी.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments