Thursday, September 24, 2026
Homeछत्तीसगढ़कोरबा: बाल संप्रेक्षण गृह से चार लड़के फरार, एक पकड़ा गया

कोरबा: बाल संप्रेक्षण गृह से चार लड़के फरार, एक पकड़ा गया

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बाल संप्रेक्षण गृह से चार लड़के फरार हो गए हैं. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने बताया कि कोरबा जिला मुख्यालय के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिसदी इलाके के एक निजी मकान में किराए पर संचालित बाल संप्रेक्षण गृह से रविवार को चार लड़के फरार हो गए. लड़कों की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच है.

महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी बजरंग प्रसाद सांडे ने बताया कि जानकारी मिली है कि संप्रेक्षण गृह में तैनात होमगार्ड के जवान की लापरवाही के कारण चारों लड़के फरार हुए हैं. चारों को चोरी के अलग-अलग मामलों में पकड़ा गया था.
सांडे ने बताया कि बाल संप्रेक्षण गृह में तैनात होमगार्ड का जवान दरवाजे को खुला छोड़ दिया था, जिसका फायदा उठाकर चार लड़के वहां से फरार हो गए. फरार होने वाले लड़कों में दो कोरबा के और दो जांजगीर जिले के निवासी हैं.

उन्होंने बताया कि घटना के बाद संप्रेक्षण गृह में तैनात कर्मचारियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी. बाद में अधिकारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद फरार लड़कों की खोजबीन शुरू की गई. एक लड़के को बाल्को क्षेत्र से पकड़ा गया है तथा अन्य की तलाश की जा रही है, साथ ही संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments