Monsoon Update: देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। India Meteorological Department के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार 26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है, जो सामान्य तारीख से करीब 5 दिन पहले है। वहीं राजस्थान, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में हीटवेव का असर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आमतौर पर 1 जून को केरलम में शुरू होता है, जिसमें लगभग 7 दिनों का मानक विचलन होता है। इस बार यह 26 मई को आएगा। यानी तय समय से 5 दिन पहले। साल 2025 में मानसून 24 मई को ही केरलम में आ गया था।
इस समय उत्तर भारत के कई राज्यों भीषण गर्मी की चपेट में है। जैसे-जैसे मानसून आगे बढ़ेगा इन राज्यों को गर्मी से राहत मिलेंगे। हालांकि, उत्तरप्रदेश में बीते दिनों भयानक आंधी-तूफान आया था। इसके चलते 111 लोगों की मौत हो गई थी।
हीटवेव की चपेट में ये राज्य
महाराष्ट्र, राजस्थान समेत मध्यप्रदेश इस समय हीटवेव की चपेट में है। उत्तरप्रदेश में आंधी-तूफान आया लेकिन यहां के कई शहरों में पारा काफी हाई है। देश का सबसे गर्म क्षेत्र महाराष्ट्र का अकोला है। यहां 45.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।
राजस्थान में भी भयानक हीटवेव का प्रकोप है। जैसलमेर और बाड़मेर जैसे जिलों में तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य के फलोदी में पारा 45. 2 था। कई शहरों में दिनभर भीषण गर्मी के बाद रात के समय बारिश होने से लोगों को राहत मिली है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
16 मई को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
एमपी-राजस्थान में लू का अलर्ट
17 मई को राजस्थान में गंभीर हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है, जहां दिन के साथ रातें भी गर्म रहेंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्यप्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी लू चलने की संभावना जताई गई है।
दूसरी ओर आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ खराब मौसम का अलर्ट है। वहीं असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।


