Friday, September 25, 2026
Homeदेश विदेशकेरल चुनाव: पीएम मोदी ने की बूथ अध्यक्ष की तारीफ; बोले- आप...

केरल चुनाव: पीएम मोदी ने की बूथ अध्यक्ष की तारीफ; बोले- आप वायनाड सांसद से बेहतर करेंगी डिबेट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत नमो ऐप के जरिए केरल के भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उन्हें चुनाव से पहले घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क तेज करने का आह्वान किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने वायनाड जिले के मनंथवाडी की बूथ अध्यक्ष विनीता के.के. से बातचीत करते हुए उनकी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अगर विनीता और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच सार्वजनिक बहस कराई जाए, तो वह बेहतर प्रदर्शन करेंगी। पीएम मोदी ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि आप अपनी सांसद से भी बेहतर भाषण देंगी।”

पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे चुनाव से पहले हर मतदाता से कम से कम तीन बार संपर्क करें और भाजपा-एनडीए को एक मौका देने के लिए लोगों को प्रेरित करें। उन्होंने कहा, “आपने 75 साल कांग्रेस और कम्युनिस्टों को दिए हैं, अब पांच साल भाजपा और एनडीए को दीजिए।”

उन्होंने केरल की सियासत पर निशाना साधते हुए कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) दोनों ही भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे राज्य को दोहरी क्षति हो रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए भारतीय क्रिकेटर संजू सैमसन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जैसे किसी खिलाड़ी का प्रदर्शन टूर्नामेंट के निर्णायक चरण में बेहतर होता जाता है, वैसे ही चुनाव नजदीक आने पर कार्यकर्ताओं को अपनी सक्रियता, आत्मविश्वास और प्रयास बढ़ाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि मतदान की तारीख (9 अप्रैल) नजदीक आते-आते पार्टी की पहुंच हर घर तक होनी चाहिए और कार्यकर्ताओं को पूरी मजबूती के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि केरल में भाजपा के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ रहा है और यह राज्य की राजनीति में बदलाव का संकेत है। पीएम मोदी ने कहा, “ऐसा लग रहा है कि केरल अब नई सरकार ही नहीं, बल्कि नई व्यवस्था भी चाहता है।”

इस संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने कोंडोट्टी के दिलीप कुमार, अदूर के श्रीकुमार वी. और चिरयिनकीझु की अनीता कुमारी आर. सहित कई कार्यकर्ताओं से भी बातचीत कर उन्हें समर्पण और आत्मविश्वास के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments