Friday, September 25, 2026
Homeदेश विदेशकेजरीवाल ने दिल्ली के शास्त्री पार्क में बाढ़ राहत शिविर का दौरा...

केजरीवाल ने दिल्ली के शास्त्री पार्क में बाढ़ राहत शिविर का दौरा किया

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरंिवद केजरीवाल ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिये दिल्ली सरकार से पर्याप्त राहत सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को खाद्य पदार्थों की आपूर्ति और उनके लिए तंबू (टेंट) की व्यवस्था करने में देरी हुई है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में बने एक राहत शिविर का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार अफगानिस्तान में भूकंप पीड़ितों को राहत सामग्री भेज सकती है, तो दिल्ली के बाढ़ प्रभावित लोगों को भी समय पर मदद मिलनी चाहिए।

केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं देख रहा हूं कि लोगों को दिक्कत हो रही है। उन्हें समय पर खाना नहीं मिल रहा। चारों तरफ मच्छर हैं। बारिश हो रही है, लेकिन तंबू कल लगाए गए। यह प्राकृतिक आपदा है। हम सरकार से आग्रह करते हैं कि लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराए। पर्याप्त इंतजाम करना सरकार की जिम्मेदारी है।’’ केजरीवाल ने यह भी कहा कि पूरे दिल्ली में जलभराव की समस्या है।

उन्होंने कहा, ‘‘नालों की सफाई समय पर नहीं हुई। कई इलाकों में सीवर का पानी ऊपर आ रहा है और कई जगह पीने का पानी नहीं है। मैं सरकार से अपील करता हूं कि लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराए।’’ केजरीवाल ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार से उत्तर भारत के बाढ़ प्रभावित राज्यों को भी मदद देने का अनुरोध किया। उन्होंने बृहस्पतिवार को आप शासित पंजाब का दौरा किया था, जहां विनाशकारी बाढ़ आई है।

उन्होंने कहा, ‘हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत बाढ़ से जूझ रहा है। मैं केंद्र से अपील करता हूं कि वह लोगों को राहत मुहैया कराए।” केजरीवाल ने कहा, “जब अफगानिस्तान में भूकंप आया था, तो केंद्र ने वहां राहत सामग्री भेजी थी। हमें दूसरे देशों की मदद करनी चाहिए, लेकिन यहां अपने लोगों को भी राहत सामग्री मिलनी चाहिए।’’

केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहने के दौरान 2023 में दिल्ली ने भयावह बाढ़ का सामना किया था, जब यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर की सर्वकालिक ऊंचाई पर पहुंच गया था। इस दौरान कई इलाके जलमग्न हो गए थे और 25,000 से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments