Friday, September 25, 2026
Homeदेश विदेशपायलट को ढूंढने निकले दो अमेरिकी हेलिकॉप्टरों को ईरान ने बनाया निशाना,...

पायलट को ढूंढने निकले दो अमेरिकी हेलिकॉप्टरों को ईरान ने बनाया निशाना, US की रिपोर्ट में खुलासा

अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, ईरान में रेस्क्यू मिशन के दौरान दो अमेरिकी हेलिकॉप्टर ईरानी हमले का शिकार हुए. F‑15E गिराए जाने के बाद खोज अभियान चल रहा था. एक अमेरिकी पायलट सुरक्षित निकाला गया, दूसरा अब भी लापता है. इसी पायलट को खोजने के लिए अमेरिकी हेलिकॉप्टर्स गए हुए थे.

ईरान में चल रहे संघर्ष के बीच अमेरिकी सेना को बड़ा झटका लगा है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अमेरिकी सेना के दो हेलिकॉप्टर ईरानी हमले की चपेट में आ गए. ये हेलिकॉप्टर एक अमेरिकी लड़ाकू विमान के गिराए जाने के बाद उसके पायलटों की तलाश में लगे थे.

F-15E के पायलट को ढूंढने निकले थे हेलिकॉप्टर्स

सूत्रों के अनुसार, एक US एयरफोर्स UH‑60 ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर और एक अन्य सर्च‑एंड‑रेस्क्यू हेलिकॉप्टर पर फायरिंग की गई. हालांकि दोनों हेलिकॉप्टर क्षतिग्रस्त होने के बावजूद वहां से निकलने में सफल रहे. एक सूत्र ने US की मीडिया संस्थान ‘द हिल’ को बताया कि यह ऑपरेशन उस F‑15E स्ट्राइक ईगल के क्रू मेंबर्स को बचाने के लिए किया जा रहा था, जिसे ईरानी बलों ने मार गिराने का दावा किया है.

ईरान में गिरा अमेरिका का एक पायलट, खोज जारी

यह संघर्ष शुरू होने के बाद पहली बार है जब ईरान के भीतर किसी अमेरिकी लड़ाकू विमान के गिराए जाने की सूचना मिली है. अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, विमान से बाहर कूदे दो क्रू मेंबर्स में से एक को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है. पेंटागन ने इस घटनाक्रम की जानकारी हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी को भी दी है, जहां बताया गया कि दूसरे सैनिक की स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है.

ईरान ने जारी कीं US के फाइटर जेट की तस्वीर

इस बीच ईरानी सरकारी मीडिया ने गिराए गए विमान के मलबे की तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें इसे अमेरिकी F‑15 फाइटर जेट बताया जा रहा है. यह घटनाक्रम अमेरिकी प्रशासन के उन दावों के विपरीत है, जिनमें कहा गया था कि अमेरिका ने ईरान के हवाई क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित कर लिया है और उसकी सैन्य क्षमताओं को भारी नुकसान पहुंचाया है.

ईरान ने कसा तंज

ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर क़ालिबाफ ने इन दावों पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ईरान को बार‑बार हराने के अमेरिकी दावों का नतीजा अब अपने ही पायलटों को ढूंढने की अपील तक सिमट गया है.

मिडिल ईस्ट में बिगड़ रहे हालात

इस घटनाक्रम के बाद मिडिल ईस्ट में हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं और आशंका जताई जा रही है कि संघर्ष और व्यापक रूप ले सकता है. अमेरिका अपने पायलट को ढूंढने के लिए ऑपरेशन चला रहा है. अब देखना यह है कि अमेरिका ईरान से अपने पायलट को कैसे बाहर निकालता है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments