RCB vs PBKS: डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2026 में अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए प्लेऑफ में एंट्री कर ली है। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर की विस्फोटक पारियों के दम पर RCB ने 223 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार और रसिक सलाम की घातक गेंदबाजी ने पंजाब को मैच से बाहर कर दिया।
विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर का धमकादेरा प्रदर्शन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत शानदार रही। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 37 गेंदों में 58 रनों की आतिशी पारी खेली। उनके आउट होने के बाद वेंकटेश अय्यर ने मोर्चा संभाला और मैदान के चारों ओर शॉट लगाते हुए महज 40 गेंदों पर नाबाद 73 रन कूट डाले। देवदत्त पडिक्कल के 45 रनों की मदद से बेंगलुरु ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 222 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।
भुवनेश्वर और रसिक की घातक गेंदबाजी
223 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपने शुरुआती स्पैल में ही पंजाब के दोनों सलामी बल्लेबाजों- प्रियांश आर्य (0) और प्रभसिमरन सिंह (2) को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद तेज गेंदबाज रसिक सलाम ने पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर (1) को आउट कर मेजबान टीम की कमर तोड़ दी। पंजाब ने महज 19 रन पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे।
शशांक और स्टोइनिस की कोशिशें बेकार
शुरुआती झटकों के बाद मध्यक्रम में शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस ने काउंटर-अटैक करते हुए पंजाब की पारी को संभालने की कोशिश की। शशांक सिंह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 27 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि स्टोइनिस ने 25 गेंदों में 37 रनों की पारी खेली। दोनों ने मैच को रोमांचक बनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन बेंगलुरु का विशाल स्कोर उनकी पहुंच से दूर रहा। पंजाब की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 199 रन ही बना सकी।
शीर्ष पर मजबूत हुई आरसीबी
इस जीत के साथ ही अंक तालिका में नंबर-1 पर मौजूद बेंगलुरु ने प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का कर लिया है। 13 मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद अब टीम लीग स्टेज को टॉप-2 में खत्म करने की बेहद मजबूत स्थिति में है। अगर बेंगलुरु टॉप-2 में रहती है, तो उसे धर्मशाला में क्वालीफायर-1 खेलने का मौका मिलेगा, जिससे उनके फाइनल में पहुंचने की राह और आसान हो जाएगी।


