Friday, September 25, 2026
Homeदेश विदेशHassan Truck Incident: पीएम मोदी ने हासन हादसे पर जताया दुख, 9...

Hassan Truck Incident: पीएम मोदी ने हासन हादसे पर जताया दुख, 9 की मौत और 22 घायल हुए थे

Hassan Truck Incident: कर्नाटक में हासन ट्रक हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। दरअसल, बीते दिन हासन में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान एक ट्रक ने भीड़ को कुचल दिया था, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी और 22 घायल हो गए थे।

इससे पहले पुलिस सूत्रों ने बताया था कि शुक्रवार रात हासन जिले के एक गांव में गणेश विसर्जन जुलूस में एक ट्रक के घुस जाने से आठ लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा घायल हो गए थे। घायलों में कम से कम आठ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस त्रासदी में जान गंवाने वालों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। घटना गणेश चतुर्थी समारोह के अंतिम दिन रात लगभग 8.45 बजे मोसाले होसाहल्ली गांव में हुई। ज्यादातर मृतक युवा लड़के हैं। 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए हासन के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

चालक ने भागने की कोशिश की, भीड़ ने पिटाई की
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अरकलागुडु से आ रहे ट्रक के चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन श्रद्धालुओं से टकरा गया, जिनमें ज्यादातर छात्र थे। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक भुवनेश ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने उसे पकड़ लिया, उसकी पिटाई की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। ट्रक एक लॉजिस्टिक कंपनी का था।

सूत्रों ने बताया कि ट्रक के पहियों के नीचे दबकर चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने हसन के विभिन्न अस्पतालों में दम तोड़ दिया। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सिद्धारमैया ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह कई लोगों की जान जाने और लोगों के गंभीर रूप से घायल होने से दुखी हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देगी राज्य सरकार
सिद्धारमैया ने कहा, ‘सरकार मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देगी। इस घटना में घायल हुए लोगों के इलाज का खर्च सरकार वहन करेगी। यह बहुत ही दुखद क्षण है। आइए हम सभी इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हों।’

सरकार से हादसे में घायल हुए लोगों के मुफ्त इलाज के लिए कदम उठाने की अपील
केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘हासन तालुका के मोसाले होसाहल्ली में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान हुए भीषण हादसे की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है। इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई और 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।’ जेडीएस नेता ने राज्य सरकार से हादसे में घायल हुए लोगों के मुफ्त इलाज के लिए कदम उठाने की अपील की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments