Thursday, September 24, 2026
Homeछत्तीसगढ़होम थिएटर विस्फोट में दूल्हे और भाई की मौत का मामला: दुल्हन...

होम थिएटर विस्फोट में दूल्हे और भाई की मौत का मामला: दुल्हन का प्रेमी गिरफ्तार…

रायपुर: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में होम थिएटर म्यूजिक सिस्टम में हुए विस्फोट में दूल्हा और उसके भाई की मौत के मामले में पुलिस ने दुल्हन के कथित पूर्व प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) लाल उम्मेद ंिसह ने बताया कि सोमवार को रेंगाखार थाना क्षेत्र के चमारी गांव में म्यूजिक थिएटर में हुए विस्फोट में दूल्हा हेमेंद्र मेरावी (30) और उसके बड़े भाई राजकुमार (32) की मौत के मामले में पुलिस ने संजू उर्फ सरजू मरकाम (33) को गिरफ्तार कर लिया है।

ंिसह ने बताया कि पुलिस ने घटना के बाद लगातार छानबीन कर मंगलवार देर रात मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया? कि आरोपी सरजू दुल्हन का पूर्व प्रेमी है और वह इस विवाह से नाराज था और इसे लेकर उसका दुल्हन तथा हेमेंद्र के साथ विवाद हुआ था। सरजू पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र का निवासी है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को पुलिस को चमारी गांव में विस्फोट होने की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया था। उन्होंने बताया जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तब जानकारी मिली कि हेमेंद्र का विवाह 31 मार्च को निकटवर्ती झलमला थाना क्षेत्र के अंजना गांव की एक युवती (29) से हुआ था। शादी की रस्म के मुताबिक, दुल्हन दूसरे दिन अपने ससुराल से मायके वापस चली गई थी।

ंिसह ने बताया कि सोमवार को जब हेमेंद्र और परिवार के अन्य सदस्य अपने घर के एक कमरे में शादी के तोहफों को खोल रहे थे तब जैसे ही हेमेंद्र ने होम थिएटर को बिजली से चालू किया उसमें विस्फोट हो गया। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विस्फोट में मेरावी परिवार का कच्चा मकान और कमरे में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में हेमेंद्र के भाई राजकुमार और डेढ़ साल के बालक समेत पांच अन्य घायल हो गए। घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने शव और घायलों को कवर्धा जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि बाद में दूल्हे के भाई राजकुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि अन्य का इलाज किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान जब पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की तो जानकारी मिली कि विस्फोट के बाद कमरे में देर तक बारूद की गंध आ रही थी। पुलिस ने भी वहां बारूद की गंध महसूस की। उन्होंने बताया कि इससे संकेत मिला कि होम थियेटर में विस्फोटक लगाकर विस्फोट किया गया। घटनास्थल छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा पर होने और नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण नक्सली घटना से इनकार नहीं किया गया था। हालांकि पुलिस को इसकी आशंका कम थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया,’’जांच के दौरान जानकारी मिली कि होम थियेटर को बालाघाट क्षेत्र के एक दुकान से खरीदा गया था। वहीं दूल्हे का विवाह से पहले एक व्यक्ति से झगड़ा हुआ था। जब पुलिस ने दुल्हन के परिवार से पूछताछ की तब सरजू के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद सरजू को पकड़ लिया गया।’’ ंिसह ने बताया कि पूछताछ के दौरान सरजू ने पुलिस को बताया कि उसका युवती से प्रेम प्रसंग था।

उन्होंने बताया,‘‘जब उसे जानकारी मिली कि उसकी प्रेमिका की शादी होने वाली है तब वह नाराज हो गया और उसका हेमेंद्र से विवाद भी हुआ। विवाद के बाद उसने हेमेंद्र और उसके परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने के लिए होम थियेटर में बारूद लगाया और विवाह के दौरान दुल्हन को मिले उपहारों के साथ उसे रखकर वहां से चला गया।’’ उन्होंने बताया कि सरजू विवाहित है और उसने युवती को इसकी जानकारी नहीं दी थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया,‘‘ सरजू पूर्व में इंदौर के एक पत्थर खदान में विस्फोट विभाग में काम कर चुका है। इसलिए उसे विस्फोटक और विस्फोट करने की जानकारी पहले से थी। इसके लिए उसने लगभग डेढ़ किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया था।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने सरजू को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments