Homeछत्तीसगढ़दुर्ग: झगड़े के बाद पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यक्ति...

दुर्ग: झगड़े के बाद पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यक्ति टॉवर पर चढ़ा

दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मारपीट के आरोपी निगम पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को एक व्यक्ति मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया. पुलिस ने जब आरोपी पार्षद को गिरफ्तार किया तब लगभग एक घंटे के बाद वह नीचे आया. दुर्ग जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को आज सूचना मिली थी कि सेक्टर-10 स्थित एक मोबाइल टॉवर पर सतपाल सिंह नामक एक व्यक्ति चढ़ा हुआ है तथा कुछ लोग उससे नीचे उतरने का अनुरोध कर रहे हैं.

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तथा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद दुर्ग क्षेत्र के सांसद विजय बघेल भी वहां पहुंच गए थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब अधिकारियों और सांसद ने सतपाल सिंह से फोन पर बात की तब उसने बताया कि इस महीने की 19 तारीख को उसके और वार्ड पार्षद कांग्रेस के अभय सोनी (64) तथा उसके बेटे अमनदीप सोनी (25) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. शिकायत के मुताबिक, इस दौरान सोनी और उसके बेटे ने सिंह की कथित तौर पर पिटाई कर दी थी. सिंह आरोपी सोनी और उसके बेटे की गिरफ्तारी मांग कर रहा था.

उन्होंने बताया कि सतपाल सिंह की बात सुनने के बाद उसे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया तब लगभग एक घंटे के बाद सतपाल सिंह टॉवर से नीचे उतरा. बाद में दुर्ग जिले की पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि पुलिस ने अभय सोनी और उसके बेटे अमनदीप सोनी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस ने बयान में बताया है कि इस महीने की 19 तारीख को सतपाल सिंह ने पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया था. शिकायत में सिंह ने आरोप लगाया था कि अभय सोनी और अमनदीप सोनी ने चुनाव प्रचार-प्रसार संबंधी बात को लेकर उसे गालियां दी थी तथा उसके साथ मारपीट की थी. इस दौरान आरोपियों ने सिंह की धार्मिक भावना को भी ठेस पहुंचाई.

पुलिस ने बयान में कहा है कि सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया तथा सिंह को बयान देने के लिए थाने बुलाया गया था. लेकिन सिंह बयान के लिए थाने नहीं पहुंचा. पुलिस ने बताया कि जब उसे नोटिस दिया गया तो वह 22 नवंबर को बयान दर्ज कराने पहुंचा. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments