Homeएडुकेशन और करियरधमतरी के चार युवाओं ने बढ़ाया जिले का मान, गूगल इंडिया और...

धमतरी के चार युवाओं ने बढ़ाया जिले का मान, गूगल इंडिया और मनोज डे इंटर्नशिप में चयन

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के चार प्रतिभाशाली युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जिले का नाम रोशन किया है। जिले के होनहार छात्र दिगंत राठी और हिमांशु जैन का चयन प्रतिष्ठित ‘Google India Student Ambassador Program’ में हुआ है। वहीं यश राजक और योगिता ने देश के प्रसिद्ध यूट्यूबर एवं डिजिटल क्रिएटर मनोज डे की Internship Program में चयनित होकर नई उपलब्धि हासिल की है।

इन युवाओं की इस सफलता पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर  मिश्रा ने कहा कि यह धमतरी जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। उन्होंने कहा कि बिना किसी बड़े तकनीकी संस्थान में अध्ययन किए भी जिले के युवाओं ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर वह मुकाम हासिल किया है, जिसे अक्सर देश के बड़े संस्थानों के छात्र प्राप्त करते हैं।

डिजिटल युग में युवाओं के लिए अपार अवसर मौजूद 
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि इन युवाओं की उपलब्धि यह साबित करती है कि सफलता केवल संसाधनों पर निर्भर नहीं होती, बल्कि बड़े सपने, निरंतर मेहनत और सीखने की लगन ही व्यक्ति को आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंटेंट क्रिएशन, सोशल मीडिया और नई तकनीकों के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार अवसर मौजूद हैं और धमतरी के युवा इन क्षेत्रों में अपनी नई पहचान बना रहे हैं।

चारों युवाओं ने अपने अनुभव को किया साझा 
इस दौरान दिगंत राठी, हिमांशु जैन, यश राजक और योगिता ने अपने अनुभव साझा करते हुए चयन प्रक्रिया, वर्तमान कार्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार अभ्यास, नई तकनीकों को सीखने की इच्छा और सकारात्मक सोच ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। जिलेभर में इन उपलब्धियों को लेकर उत्साह का माहौल है और लोगों ने इसे धमतरी के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments