Friday, September 25, 2026
Homeदेश विदेशकोलकाता के पास ऑटोरिक्शा चालक से झगड़े के बाद सीमाशुल्क अधिकारी पर...

कोलकाता के पास ऑटोरिक्शा चालक से झगड़े के बाद सीमाशुल्क अधिकारी पर ‘हमला’, चार लोग गिरफ्तार

कोलकाता. कोलकाता के पास राजपुर इलाके में लापरवाही से गाड़ी चलाने को लेकर एक ऑटोरिक्शा चालक के साथ हुए विवाद के बाद भीड़ ने एक सीमा शुल्क अधिकारी के घर में घुसकर कथित तौर पर उनकी पिटाई कर दी जिससे वह घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि सीमा शुल्क निरीक्षक प्रदीप कुमार पर शनिवार को हुए कथित हमले के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. कुमार ने बताया कि ऑटोरिक्शा से उनकी कार टकराने के बाद ऑटोरिक्शा चालक से उनका झगड़ा हुआ था.

सीमा शुल्क अधिकारी ने दावा किया, ”इसके बाद, पुरुषों का एक बड़ा समूह मेरे फ्लैट में घुस आया, मुझे पीटा और पत्नी से दुर्व्यवहार किया. हमला जारी रहा और हमें लग रहा था मानो हमारा अंत निकट हो.” कुमार ने कहा कि उनके माथे, गर्दन और ठोड़ी पर चोट आई और उनके सहकर्मी उन्हें इलाज के लिए रविवार को नदिया के कल्याणी में स्थित एम्स (अखिल भारतीय आयुर्वज्ञिान संस्थान) ले गए.
उन्होंने आरोप लगाया कि मदद के लिए लगातार कॉल करने के बाद भी पुलिस शनिवार को समय पर नहीं पहुंची.

फ्लैट की सीसीटीवी फुटेज में अधिकारी के माथे से खून निकलता दिख रहा है, जबकि घरेलू सामान इधर-उधर बिखरा नजर आता है.
‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से फुटेज की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकती. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि घटना के संबंध में जांच जारी है और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

उन्होंने कहा, ”बरुईपुर की एक अदालत ने चारों को जमानत दे दी. सीमा शुल्क अधिकारी के खिलाफ भी मारपीट का मामला दर्ज किया गया है.” इस बीच, पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की और अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की. राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में ”गुंडा राज” कायम है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments